मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर की बुढ़ाना तहसील के नगवा गांव में शुक्रवार देर रात शादी समारोह के दौरान हलवा खाने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ गई। उल्टी और दस्त की शिकायत के चलते गांव में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, हलवा खाने के बाद करीब 200 ग्रामीण बीमार पड़ गए। इनमें से करीब 100 लोगों को गंभीर हालत के चलते रेफर किया गया।

बताया गया कि गांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल लोगों ने हलवा खाया था। इसके बाद कई ग्रामीणों को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ने की जानकारी सामने आई। एक साथ इतने लोगों के बीमार होने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

मामले को संभावित फूड पॉइजनिंग से जोड़कर देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में ग्रामीणों के बीमार होने के बीच गांव में मौजूद एक डॉक्टर की तबीयत भी खराब होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, घटना की गंभीरता को देखते हुए रात्रि में फूड सेफ्टी विभाग की टीम गांव पहुंची और जांच के लिए खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए।

फिलहाल हलवा खाने के बाद ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फूड सेफ्टी विभाग की टीम द्वारा लिए गए सैंपलों की जांच से यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि बीमारी की वजह क्या रही। घटना के बाद गांव में दहशत और चिंता का माहौल है।

