Home » उत्तर प्रदेश » नोएडा में पुलिस मुठभेड़ के बाद दो शातिर लुटेरे गिरफ्तार, दोनों के पैर में लगी गोली; 1.50 लाख नकद और चोरी की बाइक बरामद

नोएडा में पुलिस मुठभेड़ के बाद दो शातिर लुटेरे गिरफ्तार, दोनों के पैर में लगी गोली; 1.50 लाख नकद और चोरी की बाइक बरामद

Facebook
Twitter
WhatsApp

नोएडा। गौतमबुद्धनगर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना फेस-2 पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान लूटपाट करने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उनके कब्जे से लूट की वारदात से संबंधित 1.50 लाख रुपये नकद, लूटी गई सोने की चेन का एक टुकड़ा, दो अवैध तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल चोरी की एफजेड मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 20 और 21 नवंबर की मध्यरात्रि को थाना फेस-2 पुलिस की टीम गोपनीय सूचना के आधार पर एनएसईजेड गंदा नाला पुस्ता रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सामने से एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों मोटरसाइकिल छोड़कर भागने लगे। आरोप है कि इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदित्य उर्फ सन्नी उर्फ आदि (21), निवासी ग्राम मथुरापुर, थाना बीटा-2, गौतमबुद्धनगर और नसीम अली उर्फ रियाज (23), निवासी ग्राम अर्जुनी सिमरई, थाना राजा का रामपुर, एटा के रूप में हुई है।

चार सदस्यीय गिरोह बनाकर करते थे लूटपाट

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने दो अन्य साथियों अभिषेक कुमार और मनोज उर्फ मल्लाह के साथ मिलकर दिल्ली-एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों में लूटपाट की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस के अनुसार, दोनों ने 30 अक्टूबर को नया गांव के पास स्कूटी सवार दो लोगों से हुई लूट में शामिल होने की बात स्वीकार की है।

ALSO READ THIS :  दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़ा आनंद पर्वत का 'बैड कैरेक्टर', चोरी की बाइक और स्कूटर बरामद

पूछताछ में सामने आया कि चारों बदमाशों ने रात के समय तमंचे के बल पर दो स्कूटी सवार व्यक्तियों को रोका था। इसके बाद उनसे एक बैग और गले की चेन लूटकर फरार हो गए थे। आरोपियों को बैग में करीब 1.75 लाख रुपये मिले थे। इसमें से लगभग 25 हजार रुपये खर्च कर दिए गए, जबकि बचे 1.50 लाख रुपये आपस में बांट लिए थे। लूटी गई चेन को भी चार हिस्सों में बांट लिया गया था। आदित्य ने बताया कि उसके हिस्से में आया चेन का एक टुकड़ा उसके पास था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।

चोरी की बाइक से वारदात करने की थी योजना

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बताया कि चारों बदमाश वारदातों को अंजाम देने के लिए दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों से निकलते थे। उनकी योजना अलग-अलग स्थानों पर लूटपाट करने की थी। पूछताछ में यह भी बताया गया कि उन्होंने पहले मोटरसाइकिल चोरी कर सेक्टर-63 में छिपाकर खड़ी की थीं। मौका मिलने पर इन मोटरसाइकिलों को बेचकर मिलने वाली रकम आपस में बराबर बांटने की योजना थी।

मुठभेड़ के दौरान बरामद एफजेड मोटरसाइकिल भी आरोपियों ने दिल्ली में एक पार्क के पास से चोरी की थी। पुलिस अब इस मोटरसाइकिल के चोरी से संबंधित मामले की भी जांच कर रही है।

आदित्य पर नौ और नसीम पर चार मुकदमे दर्ज

पुलिस के मुताबिक, आदित्य उर्फ सन्नी के खिलाफ गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, एनडीपीएस एक्ट और अवैध हथियारों से संबंधित कुल नौ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें थाना सेक्टर-58 में वर्ष 2023 का लूट का मामला, वर्ष 2025 में चोरी और एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे तथा थाना बिसरख में शस्त्र अधिनियम का मामला शामिल है। इसके अलावा इंदिरापुरम और खोड़ा थानों में भी उसके खिलाफ चोरी के मुकदमे दर्ज हैं।

ALSO READ THIS :  गाजियाबाद में आधी रात पुलिस मुठभेड़! दो बदमाशों के पैर में लगी गोली, तमंचे और स्कूटी बरामद

वहीं, नसीम अली उर्फ रियाज के खिलाफ गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में लूट, चोरी और अवैध हथियार रखने से संबंधित चार मुकदमे दर्ज हैं। इनमें ईकोटेक-3, सेक्टर-39 और फेस-2 थाने के मामले शामिल हैं।

दो फरार साथियों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, चार कारतूस, 1.50 लाख रुपये नकद, लूटी गई चेन का एक टुकड़ा और चोरी की एफजेड मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस अब गिरोह के फरार सदस्यों अभिषेक कुमार और मनोज उर्फ मल्लाह की तलाश कर रही है। इसके साथ ही गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर दिल्ली-एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों में हुई अन्य लूट एवं चोरी की वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें