मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में आगामी कार्तिक गंगा दशहरा मेले को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मोरना-शुक्रताल और मोरना-बिहारगढ़ मार्ग पर रातभर भारी पुलिस बल तैनात कर लगातार सघन वाहन चेकिंग की गई। पुलिस ने भैंसा-बुग्गी चालकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी स्थिति में रेस का आयोजन न करें और न ही उसमें प्रतिभाग करें।
मेले के दौरान यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस इन मार्गों पर लगातार निगरानी कर रही है। वाहन चेकिंग के दौरान भैंसा-बुग्गी चालकों को रेस से दूर रहने की हिदायत दी जा रही है। पुलिस का उद्देश्य मेले के दौरान ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाना है, जिनसे अव्यवस्था या कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हो सकती है।
शनिवार पूरी रात पुलिस चुन–चुनकर भैंसा बग्गी को चेक करती रही। खासकर, नुकीली आर के लिए पुलिस ने पूरी तरह से सख्ती शुरू कर दी है। शुक्रवार रात भी पुलिस ने दो दर्जन से अधिक नुकीली आर बरामद की थी, जिनके जरिए से भैंसे को चुभाकर उन्हें प्रताड़ित करते हुए उन्हें दौड़ने पर मजबूर किया जाता है। इसके अलावा पुलिस ने तमंचा भी बरामद किया था।
इसके साथ ही पुलिस अराजक और असामाजिक तत्वों पर भी नजर रख रही है। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मेले के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी और चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।

