मुज़फ़्फ़रनगर। बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र में महज 233 रुपये के लेनदेन को लेकर सोमवार सुबह दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। चंधेड़ी रोड पर हुए इस विवाद में दबंगों पर डेयरी संचालक के साथ मारपीट करने का आरोप है। मारपीट के दौरान जमकर लात-घूंसे चलने की बात सामने आई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें मारपीट के दृश्य दिखाई देने की बात कही जा रही है।

जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत क्रेडिट कार्ड से 233 रुपये काटे जाने को लेकर हुई थी। इसी रकम के लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इस दौरान कुछ लोगों ने डेयरी संचालक को घेरकर जमकर पीटा। मामूली रकम को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि मामला सड़क पर मारपीट तक पहुंच गया।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने मारपीट का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में घटना की चर्चा हो रही है। विवाद में घायल लोगों को पुलिस ने उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया।

