मथुरा। मथुरा में दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-19) पर सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मध्य प्रदेश के भिंड जिले से वृंदावन दर्शन के लिए आ रहे श्रद्धालुओं की कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। भीषण टक्कर में दो महिलाओं और दो मासूम बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे घायलों और मृतकों को बाहर निकाला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना में हुई जनहानि पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को घायलों का बेहतर उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।
तेज रफ्तार के कारण चालक ने खोया नियंत्रण
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार के अनुसार, मध्य प्रदेश के भिंड जिले का एक परिवार स्विफ्ट कार में सवार होकर वृंदावन दर्शन के लिए आ रहा था। कार में कुल नौ लोग सवार थे। मथुरा जिले के थाना जैत क्षेत्र में छटीकरा पुल और राम धर्म कांटा के पास हाईवे पर तेज रफ्तार के चलते चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका। इसके बाद कार सीधे सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोग अंदर फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी और बचाव कार्य में मदद शुरू कर दी।
कार के हिस्से काटकर निकाले गए फंसे लोग
सूचना मिलते ही थाना जैत पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसमें फंसे लोगों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कड़ी कोशिशों के बाद कार के हिस्सों को काटकर सभी नौ लोगों को बाहर निकाला गया।
हादसे में रूबी (32), ज्योति (30), कान्हा (10) और रुद्र (4) की मौत हो गई। वहीं, कार में सवार आशा, देवाशीष, गिरजा, पलक और गौरी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए सर्वोदय अस्पताल सहित नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख, घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश
हादसे की जानकारी मिलने पर एसएसपी श्लोक कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने दुर्घटना की जानकारी ली और चिकित्सकों को घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हादसे में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया तथा अधिकारियों को घायलों को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने बताया कि मध्य प्रदेश से मथुरा दर्शन के लिए आ रहे परिवार के चार सदस्यों की हादसे में मौत हुई है, जबकि पांच लोग घायल हैं। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से हाईवे से हटवाया गया, जिसके बाद यातायात को दोबारा सुचारू करा दिया गया।

