Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » मुजफ्फरनगर में मिली मेरठ के युवक की लाश: खंडहर कोठी में पेड़ से लटका मिला शव, डेढ़ लाख रुपये लेकर सरिया खरीदने निकला था, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

मुजफ्फरनगर में मिली मेरठ के युवक की लाश: खंडहर कोठी में पेड़ से लटका मिला शव, डेढ़ लाख रुपये लेकर सरिया खरीदने निकला था, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर के मीरापुर क्षेत्र में छह दिन से लापता चल रहे मेरठ के युवक का शव भुम्मा नहर पुल के पास सिंचाई विभाग की खंडहर कोठी में पेड़ पर लटका मिला। मृतक की पहचान मेरठ जिले के बहसूमा थाना क्षेत्र के गांव रावती निवासी 30 वर्षीय अमित पुत्र राजबीर के रूप में हुई।

युवक 19 नवंबर को घर से डेढ़ लाख रुपये लेकर मुजफ्फरनगर के खतौली में सरिया खरीदने जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने बहसूमा थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शव मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस पर तलाश में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।

जानकारी के अनुसार, भुम्मा गांव निवासी सुरेश अपने पशुओं को चरा रहा था। इसी दौरान भुम्मा गंगनहर पुल के निकट स्थित सिंचाई विभाग की खंडहर कोठी में एक पेड़ पर युवक का शव लटका दिखाई दिया। उसने पास की पुलिस चौकी पहुंचकर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर उसकी पहचान कराई। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंचे अमित के चचेरे भाई आशीष ने बताया कि अमित 19 नवंबर की सुबह घर से डेढ़ लाख रुपये लेकर खतौली से सरिया खरीदने के लिए निकला था। देर तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने तलाश की और बहसूमा थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

परिजनों का आरोप, गुमशुदगी को गंभीरता से नहीं लिया

शव मिलने के बाद परिजनों ने बहसूमा पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना था कि थाने का एक दरोगा अमित के गंगा स्नान के लिए जाने की बात कहता रहा और उसकी तलाश को गंभीरता से नहीं लिया गया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मौके पर हंगामा किया और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

ALSO READ THIS :  मुजफ्फरनगर में रेलवे स्टेशन से शिव चौक तक सघन सर्च ऑपरेशन: पुलिस, LIU, ATS चेक टीम, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड ने खंगाला संवेदनशील इलाका

हंगामे की सूचना पर सीओ ऋषिका सिंह, इंस्पेक्टर इन्दरजीत सिंह और एसआई ओमेंद्र सिंह व मदनपाल सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। अमित की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें