लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकारी भर्तियों और नियुक्तियों को लेकर समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार जिस तेजी से युवाओं को नियुक्ति पत्र बांट रही है, उसकी गति सैफई सिंडिकेट गिन भी नहीं पाएगा, क्योंकि उसे नोट गिनने के अलावा कुछ और गिनना आता ही नहीं है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रदेश में अब तक 9.70 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। यह संख्या सपा के चार और बसपा के तीन कार्यकाल में हुई कुल भर्तियों से दोगुने से भी अधिक है।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित जुपिटर हॉल में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से चयनित 1,594 लेखा परीक्षकों और सहायक लेखाकारों को नियुक्ति पत्र वितरित करने के बाद समारोह को संबोधित कर रहे थे। इनमें 201 लेखा परीक्षक और 1,393 सहायक लेखाकार शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने मंच पर 20 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र भी सौंपे।
अगले सप्ताह करीब 50 हजार युवाओं को मिलेंगे नियुक्ति पत्र
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया लगातार आगे बढ़ रही है। अगले सप्ताह आठ हजार लेखपाल, 42 हजार होमगार्ड और शिक्षा आयोग के दो हजार चयनित अभ्यर्थियों सहित करीब 50 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को योग्यता और मेरिट के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 से पहले की भर्ती प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उस समय भर्तियों में पारदर्शिता नहीं थी। नौकरी का विज्ञापन निकलते ही चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए सक्रिय हो जाती थी। परीक्षा कोई देता था और नियुक्ति पत्र कोई दूसरा लेकर चला जाता था। उन्होंने वर्ष 2015-16 का उदाहरण देते हुए दावा किया कि हाईस्कूल, इंटर और स्नातक में थर्ड डिवीजन पाने वाले अभ्यर्थी को लोक सेवा आयोग की परीक्षा में एसडीएम का टॉपर बना दिया गया था।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में बिना सिफारिश और लेन-देन के मेरिट के आधार पर नियुक्तियां हो रही हैं। लखीमपुर खीरी के चंदन चौकी के थारू जनजाति के युवाओं से लेकर रायबरेली, जौनपुर, शाहजहांपुर, गोरखपुर और लखनऊ के सामान्य परिवारों के अभ्यर्थियों को इसका लाभ मिल रहा है। योगी ने कहा कि मेरिट का अपमान महापाप है और नियुक्ति पत्र युवाओं के परिश्रम का सम्मान है।
गलत फाइल पर हस्ताक्षर न करने की दी सीख
नवनियुक्त लेखा परीक्षकों और सहायक लेखाकारों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने वित्तीय अनुशासन और ईमानदारी से काम करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि किसी वरिष्ठ अधिकारी या सरकार के दबाव में आकर किसी गलत फाइल पर हस्ताक्षर न करें। सरकारी धन जनता की अमानत है और उसका सही इस्तेमाल सुनिश्चित करना कर्मचारियों की जिम्मेदारी है।
इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी की पूर्व सरकार के कार्यकाल में गोमती रिवरफ्रंट परियोजना का मुद्दा उठाया। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि 167 करोड़ रुपये के बजट वाली इस परियोजना पर 1,400 करोड़ रुपये खर्च कर दिए गए, लेकिन इसके बावजूद काम अधूरा रहा। उन्होंने कहा कि मौखिक आदेशों के कारण निचले स्तर के कर्मचारी जेल गए, जबकि जनता का पैसा लूटकर विदेशों में संपत्ति बनाने वाले लोग ऐश कर रहे हैं।
योगी ने जेपीएनआईसी परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि 200 करोड़ रुपये की डीपीआर के मुकाबले 800 करोड़ रुपये खर्च होने के बाद भी काम अधूरा रहा। उन्होंने नवनियुक्त कर्मचारियों को ऐसी परिस्थितियों से सबक लेने और नियमों के अनुसार काम करने की सलाह दी।
पुरानी पेंशन के मुद्दे पर सपा को घेरा
मुख्यमंत्री ने पुरानी पेंशन योजना को लेकर समाजवादी पार्टी के दावों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 में सपा सरकार ने ही नई पेंशन योजना लागू की थी, लेकिन वर्ष 2017 तक कर्मचारियों के खाते नहीं खोले गए और न ही सरकारी अंशदान जमा किया गया।
योगी के मुताबिक, वर्तमान सरकार ने इस व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कमेटी गठित की, कर्मचारियों के खाते खुलवाए और सरकारी अंशदान को 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 14 प्रतिशत किया। उन्होंने दावा किया कि बजट से 10 हजार करोड़ रुपये देकर 14 लाख कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित करने की दिशा में काम किया गया।
यूपी की अर्थव्यवस्था 36 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने का दावा
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की आर्थिक प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अंधविश्वास के कारण नोएडा जाने से डरते थे, जबकि उनकी सरकार ने वहां चार लाख घर खरीदारों को उनके फ्लैट दिलाए। उन्होंने दावा किया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था 12.50 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये हो गई है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय तीन गुना हुई है और वार्षिक बजट तीन लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 9.70 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। योगी ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश बॉटम-5 राज्यों की श्रेणी से निकलकर देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है। अगले चार वर्षों में प्रदेश को देश की नंबर एक अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
मोबाइल निर्माण से लेकर ब्रह्मोस मिसाइल तक का किया जिक्र
सीएम योगी ने औद्योगिक विकास और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश के 55 प्रतिशत मोबाइल फोन का निर्माण उत्तर प्रदेश में हो रहा है। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) सहित तकनीकी संस्थानों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ड्रोन, रोबोटिक्स, 3डी प्रिंटिंग और स्पेस टेक्नोलॉजी से जुड़े पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं।
उन्होंने लखनऊ के एचसीएल कैंपस का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां कर्मचारियों की संख्या 100 से बढ़कर 18 हजार हो गई है, जिनमें 60 प्रतिशत महिलाएं हैं। मुख्यमंत्री ने महिला सुरक्षा का जिक्र करते हुए कहा कि आज बेटियां रात दो बजे भी निडर होकर घर लौट रही हैं।
उन्होंने प्रदेश में रक्षा उत्पादन का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले यहां कट्टा और बम बनते थे, जबकि अब दुनिया की श्रेष्ठ कलाश्निकोव एके-203 राइफल और लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है। अपराधियों को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि कानून से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
चुनाव से पहले एक लाख और नियुक्तियों का लक्ष्य
कार्यक्रम में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकता वित्तीय अनुशासन है। उन्होंने नवनियुक्त लेखा परीक्षकों और सहायक लेखाकारों से ईमानदारी तथा निष्ठा के साथ बजट का सदुपयोग सुनिश्चित करने की अपील की। साथ ही ई-कोष और ऑनलाइन ऑडिट की कार्यप्रणाली में दक्षता हासिल करने पर जोर दिया।
मंत्री ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों की तैनाती मेरिट और उनके द्वारा दिए गए विकल्पों के आधार पर पारदर्शी तरीके से की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब तक नौ लाख से अधिक सरकारी नियुक्तियां हो चुकी हैं और चुनाव से पहले एक लाख और नियुक्ति पत्र देने का लक्ष्य रखा गया है।
इन अभ्यर्थियों को मंच से मिले नियुक्ति पत्र
मुख्यमंत्री ने समारोह के दौरान सहायक लेखाकार पद पर कृष्णकांत व्यास (झांसी), अभय प्रताप सिंह (मैनपुरी), दीपमाला (संतकबीर नगर), सोनम सैनी (मुरादाबाद), शशांक त्रिपाठी (अंबेडकर नगर), कृष्ण रमण (गोरखपुर), मोहित चौहान (मुरादाबाद), उत्तम कुमार सिंह (चंदौली), ममता यादव (रायबरेली), अभिषेक कुमार यादव (जौनपुर), रीतिका सोनकर (कानपुर नगर), उत्सव सक्सेना (शाहजहांपुर), राजदीप (सहारनपुर), अभिषेक कुमार (प्रयागराज) और संस्कृति मेहरोत्रा (लखनऊ) को नियुक्ति पत्र सौंपे।
वहीं, लेखा परीक्षक पद पर गौरव पांडेय (अयोध्या), डिम्पल यादव (बलिया), रोहन सोनकर और सान्निध्य सिंह (आजमगढ़) तथा कपिल कुमार (लखीमपुर खीरी) को नियुक्ति पत्र दिए गए।
