लखनऊ। राजधानी लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बुद्धेश्वर-दुबग्गा मुख्य मार्ग पर भूहर पुल के पास एक जनरथ बस अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के करीब दो से तीन मिनट बाद बस में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
भूहर पुल के पास अचानक अनियंत्रित हुई बस
दमकल विभाग के अनुसार, शनिवार को पारा थाना क्षेत्र के बुद्धेश्वर-दुबग्गा मुख्य मार्ग पर भूहर पुल के पास रोडवेज की जनरथ बस के दुर्घटनाग्रस्त होने और उसमें आग लगने की सूचना मिली थी।
बताया गया कि जनरथ बस पारा की ओर से दुबग्गा की तरफ जा रही थी। जैसे ही बस भूहर पुल के प्रारंभिक हिस्से में पहुंची, वह अचानक अनियंत्रित हो गई और पुल के बाईं ओर बने डिवाइडर से जा टकराई।
टक्कर के कुछ मिनट बाद बस में लगी आग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, डिवाइडर से टकराने के करीब दो से तीन मिनट बाद बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई और बस धू-धूकर जलने लगी।
घटना की सूचना तत्काल फायर सर्विस को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर सर्विस कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभाला और काफी मशक्कत के बाद बस में लगी आग को पूरी तरह बुझा दिया।
चालक और परिचालक ने बस से उतरकर बचाई जान
मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे के समय बस में चालक और परिचालक मौजूद थे। बस के डिवाइडर से टकराने के बाद दोनों सुरक्षित रूप से बस से बाहर निकल आए।
इसके कुछ ही देर बाद बस में आग लग गई। समय रहते चालक और परिचालक के बाहर निकल जाने से बड़ा हादसा टल गया।
बस के अंदर नहीं मिला कोई व्यक्ति
आग बुझाने के बाद पुलिस टीम ने बस के अंदर जाकर गहनता से निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान बस के अंदर कोई व्यक्ति नहीं मिला। इसके अलावा बस के अंदर कोई अन्य संदिग्ध वस्तु भी मौजूद नहीं पाई गई।
पुलिस और दमकल विभाग की तत्परता के चलते आग को आसपास के क्षेत्र में फैलने से रोक लिया गया।
आग से बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त
आग लगने की इस घटना में जनरथ बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, पुलिस के मुताबिक हादसे में किसी व्यक्ति की मौत या घायल होने की सूचना नहीं है। अन्य जान-माल के नुकसान की भी जानकारी सामने नहीं आई है।
बस में आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद बस में आग लगी, लेकिन आग लगने की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
यातायात रहा सामान्य
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर आवश्यक कार्रवाई की। फिलहाल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बताई गई है। पुलिस के अनुसार, हादसे के कारण यातायात व्यवस्था को लंबे समय तक प्रभावित नहीं होने दिया गया और मार्ग पर यातायात सुचारू रूप से संचालित हो रहा है।
पुलिस ने घटना के संबंध में आवश्यक जांच और अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

