मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर के गांव पचेंडा कला में आयोजित 35वें विशाल दंगल में भारत और क्यूबा के पहलवानों के बीच हुई तीन लाख रुपये की कुश्ती आकर्षण का केंद्र रही। इस मुकाबले में क्यूबा के पहलवान योसैंकी ने भारत के उमंग पहलवान को पटखनी देकर जीत दर्ज की। 15 मिनट के निर्धारित समय वाला यह मुकाबला महज सात मिनट में समाप्त हो गया। वहीं, महिला पहलवानों के मुकाबले में मुज़फ़्फ़रनगर की वंशिका ने हरिद्वार की मोनू को शिकस्त देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

दंगल का शुभारंभ रूहल खाप के उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के चौधरी सुशील रोहल ने फीता काटकर किया। पहले दिन देश-विदेश के पहलवानों के बीच कई रोमांचक मुकाबले हुए। इन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक अखाड़े में पहुंचे। शुक्रवार को तीन लाख रुपये की कुश्ती में उत्तराखंड के उमंग पहलवान का मुकाबला क्यूबा के योसैंकी से हुआ। दोनों के बीच जबरदस्त संघर्ष देखने को मिला, लेकिन योसैंकी ने सात मिनट में उमंग को चित कर दिया। मुकाबले के बाद दर्शकों में विदेशी पहलवान के साथ सेल्फी लेने का खासा उत्साह दिखाई दिया।
महिला पहलवानों के मुकाबले में मुज़फ़्फ़रनगर की वंशिका ने हरिद्वार की मोनू को धूल चटा दी। हाथ में चोट होने के बावजूद वंशिका ने शानदार प्रदर्शन किया और कुछ ही मिनटों में प्रतिद्वंद्वी को अखाड़े से बाहर कर दिया। उनके प्रदर्शन पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं।
जीत के बाद क्यूबा के पहलवान योसैंकी ने भारतीय कुश्ती फेडरेशन का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्हें भारत में सम्मान और प्यार के साथ अपनाया गया। उन्होंने अपने साथी का भी आभार जताया, जो उन्हें यहां लेकर आए और उन पर भरोसा किया। योसैंकी ने कहा कि भारत और उनके देश की कुश्ती में काफी अंतर है और यहां मुकाबला करना मुश्किल है, लेकिन वह धीरे-धीरे सीख रहे हैं और आगे बढ़ रहे हैं। उनके मुताबिक, हर मुकाबला एक नया अनुभव है और उनका प्रयास है कि भारत में दर्शकों को खुशी दे सकें।
दंगल के आयोजक अर्जुन पहलवान ने मुख्य अतिथि चौधरी सुशील रोहल और अन्य अतिथियों को फूल-मालाएं पहनाकर तथा स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। अर्जुन पहलवान ने बताया कि दंगल के दूसरे दिन पांच लाख रुपये की कुश्ती आयोजित होगी, जिसमें हरियाणा के पहलवान मुकाबला करेंगे। चार दिवसीय आयोजन में दो दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम और रागिनी के कार्यक्रम भी होंगे।

