मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर जिला अस्पताल में मरीजों और उनके तीमारदारों से इलाज या सरकारी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के नाम पर पैसे मांगने वालों के खिलाफ अब एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। शुक्रवार शाम CMO डॉ. सुनील तेवतिया ने पुलिस चौकी प्रभारी को साथ लेकर जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, ओपीडी और अन्य विभागों में स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिला चिकित्सालय में मरीजों का उपचार निर्धारित सरकारी व्यवस्था के अनुसार निशुल्क है। इलाज, जांच अथवा अस्पताल में उपलब्ध निशुल्क सुविधाओं के लिए मरीजों और उनके तीमारदारों को किसी को पैसे देने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के नाम पर पैसे मांगता है या धन का लेन-देन करता पाया जाता है तो उसके खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कराकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ ने मरीजों और तीमारदारों से अपील की कि यदि कोई उनसे पैसे की मांग करता है तो वे तत्काल अस्पताल परिसर में बनी पुलिस चौकी पर शिकायत करें। इसके अलावा CMS डॉ. भुजवीर सिंह को भी सीधे सूचना दे सकते हैं। उन्होंने पुलिस चौकी प्रभारी और अस्पताल प्रशासन को ऐसी शिकायतों पर तुरंत संज्ञान लेने के निर्देश दिए।
सर्दी के मौसम को देखते हुए सीएमओ ने अस्पताल परिसर में बनाए गए रैन बसेरे का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां मरीजों और तीमारदारों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके साथ ही पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी), टेलीमेडिसिन सेवाओं और विभिन्न ओपीडी का निरीक्षण कर चिकित्सा व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
सीएमओ ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, अस्पताल में साफ-सफाई बनाए रखने और सभी सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीएमएस डॉ. भुजवीर सिंह भी मौजूद रहे।
