देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के पांच और राज्य सिविल सेवा (पीसीएस) के पांच अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। 27 नवंबर को जारी आदेश के अनुसार सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। इस प्रशासनिक बदलाव में नैनीताल और अल्मोड़ा के जिलाधिकारियों की जिम्मेदारी भी बदली गई है। इसके अलावा शासन, खेल विभाग और हरिद्वार व देहरादून के अपर जिलाधिकारी स्तर पर भी बदलाव किए गए हैं।
ललित मोहन रयाल को शासन में मिली नई जिम्मेदारी
नैनीताल के जिलाधिकारी रहे ललित मोहन रयाल को शासन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह जिलाधिकारी नैनीताल के साथ उपाध्यक्ष, जिला विकास प्राधिकरण नैनीताल का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे थे। अब उन्हें अपर सचिव, कार्मिक एवं सतर्कता विभाग तथा अपर सचिव मुख्यमंत्री के पद पर तैनात किया गया है।
वहीं, कुमाऊं मंडल विकास निगम नैनीताल के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर को उपाध्यक्ष, जिला विकास प्राधिकरण नैनीताल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
अंशुल सिंह बने नैनीताल के नए जिलाधिकारी
अल्मोड़ा के जिलाधिकारी रहे आईएएस अधिकारी अंशुल सिंह को अब नैनीताल का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं, दीप्ति सिंह (2017 बैच) को निदेशक, खेल एवं युवा कल्याण उत्तराखंड के पद से अवमुक्त करते हुए जिलाधिकारी अल्मोड़ा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस बदलाव के साथ नैनीताल और अल्मोड़ा दोनों जिलों में जिलाधिकारी स्तर पर नई तैनाती लागू हो गई है।
खेल विभाग में भी हुआ बदलाव
सरकार ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग में भी प्रशासनिक बदलाव किया है। आईएएस अधिकारी निधि यादव (2017 बैच) को अपर सचिव कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग के पद से अवमुक्त कर अपर सचिव खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा निदेशक खेल एवं युवा कल्याण के पद पर तैनात किया गया है।
पांच पीसीएस अधिकारियों की भी बदली तैनाती
प्रशासनिक फेरबदल के तहत पांच पीसीएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है।
कृष्ण कुमार मिश्र को अपर जिलाधिकारी देहरादून के पद से हटाकर अपर जिलाधिकारी हरिद्वार बनाया गया है। पंकज कुमार उपाध्याय को अपर जिलाधिकारी हरिद्वार का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
वहीं, वैभव गुप्ता को अपर जिलाधिकारी हरिद्वार के पद से अवमुक्त करते हुए अपर जिलाधिकारी देहरादून की जिम्मेदारी दी गई है।
डिप्टी कलेक्टर अल्मोड़ा और नगर आयुक्त अल्मोड़ा नगर निगम सीमा विश्वकर्मा को इन पदों से अवमुक्त कर डिप्टी कलेक्टर नैनीताल के पद पर तैनात किया गया है। इसी तरह डिप्टी कलेक्टर नैनीताल सुधीर कुमार को वहां से हटाकर डिप्टी कलेक्टर अल्मोड़ा बनाया गया है।
तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश
शासन की ओर से जारी आदेश में सभी स्थानांतरित अधिकारियों को अपने वर्तमान पदभार से कार्यमुक्त होकर नई तैनाती वाले पद पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को कार्यभार ग्रहण करने के बाद इसकी आख्या कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-1, उत्तराखंड शासन को उपलब्ध करानी होगी।
इस फेरबदल को प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।

