Home » उत्तर प्रदेश » गोरखपुर जनता दर्शन में सीएम योगी सख्त: बोले- जमीन कब्जाने और कमजोरों को उजाड़ने वालों पर हो कठोर कार्रवाई

गोरखपुर जनता दर्शन में सीएम योगी सख्त: बोले- जमीन कब्जाने और कमजोरों को उजाड़ने वालों पर हो कठोर कार्रवाई

Facebook
Twitter
WhatsApp

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश में जमीन पर अवैध कब्जे और कमजोर लोगों को उजाड़ने की शिकायतों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जमीन कब्जाने के मामलों की गंभीरता से जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की हर समस्या का समाधान सरकार की प्राथमिकता है और जन शिकायतों के निस्तारण में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

शनिवार शाम गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में रात्रि प्रवास किया। रविवार सुबह मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में उन्होंने विभिन्न जिलों से आए लोगों से मुलाकात की। इस दौरान करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं संवेदनशील निस्तारण के निर्देश दिए।

खुद लोगों के बीच पहुंचकर सुनीं शिकायतें

जनता दर्शन में लोगों को कुर्सियों पर बैठाया गया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद उनके बीच पहुंचे और एक-एक करके सभी की समस्याएं सुनीं। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायतों का समाधान पूरी संवेदनशीलता और न्यायपूर्ण तरीके से कराया जाएगा।

इस दौरान जमीन पर अवैध कब्जे से जुड़ी कुछ शिकायतें भी मुख्यमंत्री के सामने आईं। इन पर उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी की जमीन पर जबरन कब्जा करने और कमजोर लोगों को उजाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कदम उठाए जाएं।

पारिवारिक भूमि विवाद संवाद से सुलझाने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जमीन से जुड़े पारिवारिक विवादों में संवाद के माध्यम से समाधान निकालने पर ध्यान दिया जाए। ऐसे मामलों में सभी पक्षों की बात सुनकर न्यायपूर्ण तरीके से हिस्सेदारी तय कराई जाए, ताकि विवाद का उचित निस्तारण हो सके।

ALSO READ THIS :  बुजुर्ग महिलाओं को मुफ्त सफर का तोहफा, योगी बोले बेटियां अब डरेंगी नहीं, सपने देखेंगी और रात में भी सुरक्षित लौटेंगी

उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े। जनता की शिकायतों पर तत्परता से कार्रवाई होनी चाहिए और पीड़ितों को न्याय दिलाना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

इलाज के लिए आर्थिक मदद का दिया भरोसा

जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर भी पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार इलाज के लिए हरसंभव आर्थिक मदद उपलब्ध कराएगी।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए निर्देश दिया कि इलाज से जुड़े मेडिकल एस्टीमेट तैयार कराने की प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी की जाए और प्रस्ताव शासन को उपलब्ध कराया जाए, ताकि जरूरतमंदों को समय पर आर्थिक सहायता मिल सके।

गुरु गोरखनाथ का दर्शन कर गोशाला पहुंचे सीएम

गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान रविवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिनचर्या परंपरागत रही। उन्होंने सबसे पहले गोरखनाथ मंदिर में गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया। इसके बाद अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि स्थल पर पहुंचकर मत्था टेका और उनका आशीर्वाद लिया।

मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर का भ्रमण करने के बाद गोशाला में कुछ समय बिताया। वहां उन्होंने गोवंश को दुलार किया और अपने हाथों से उन्हें गुड़ खिलाया। इस दौरान एक गोवंश को स्नेहपूर्वक गुड़ खिलाने के बाद उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, ‘हो गया न, और खाएगा।’

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें