मुज़फ़्फ़रनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के सर्राफा बाजार में रविवार शाम हॉलमार्क विभाग की टीम की छापेमारी से व्यापारियों में हड़कंप मच गया। देहरादून से आई टीम ने भौराकलां वालों के ओम ज्वैलर्स, महेश चंद ज्वैलर्स और विकास ज्वैलर्स समेत कई ज्वैलरी की दुकानों पर जांच की। इस दौरान हॉलमार्क यूनिक आइडेंटिफिकेशन यानि HUID की जांच के तहत 13 अंगूठियों को सील किया गया। अचानक हुई कार्रवाई से बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और दो-तीन दुकानों के बंद होने की भी चर्चा रही।

कार्रवाई को लेकर सर्राफा एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष पवन वर्मा ने टीम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि HUID जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि दुकानदार गलत हॉलमार्क वाले आभूषण तो नहीं बेच रहे। संगठन को जांच और सैंपल लेने पर आपत्ति नहीं है, लेकिन कार्रवाई का तरीका व्यवस्थित होना चाहिए।

पवन वर्मा ने कहा कि किसी दुकान पर अचानक पहुंचकर सभी जेवरों की जांच के नाम पर उन्हें अस्त-व्यस्त करना उचित नहीं है। अधिकारियों को बाजार के जिम्मेदार पदाधिकारियों और स्थानीय पुलिस को साथ लेकर कार्रवाई करनी चाहिए। इससे दुकानदारों को भी जांच करने पहुंचे अधिकारियों की पहचान स्पष्ट रहेगी और किसी तरह की गलतफहमी या टकराव की स्थिति नहीं बनेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि अचानक की गई कार्रवाई से ग्राहक बाजार से लौट जाते हैं और व्यापार प्रभावित होता है। उनके मुताबिक, जांच जरूरी है, लेकिन इसे पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से किया जाना चाहिए। फिलहाल हॉलमार्क विभाग की ओर से कार्रवाई को लेकर आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।


