मुजफ्फरनगर में एक चौंकाने वाली घटना ने लोगों के होश उड़ा दिए हैं। गांव की मस्जिद से निकाले जाने के बाद मुफलिसी और कर्ज से दबे एक मौलाना ने सर्राफ की दुकान से लूट की वारदात को अंजाम दिया।
गत 2 फरवरी को शहर कोतवाली क्षेत्र के मोती महल में नवीन शर्मा की ज्वैलरी दुकान पर यह सनसनीखेज लूट हुई थी। बदमाश ने घर में शादी होने का बहाना बनाकर 5 सोने की अंगूठियां दिखाने को कहा और मौका मिलते ही छीनकर फरार हो गया।

आबकारी चौकी पुलिस ने लगाई पूरी ताकत
इस वारदात को सुलझाने के लिए आबकारी (शिव चौक) पुलिस चौकी इंचार्ज शशि कपूर और तेज-तर्रार कांस्टेबल नवीन सैनी ने पूरी ताकत लगा दी। टीम ने बिना समय गंवाए पूरे इलाके में सघन तलाश शुरू की।
पुलिस ने करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में कथित लुटेरा मल्हुपुरा तक पैदल दौड़ता नजर आया और फिर कैमरों की रडार से गायब हो गया।

शहर में दिन भर घूमता रहा था ‘बदमाश’
पुलिस टीम ने और भी कैमरे चेक किए तो आरोपित संदिग्ध शहर में इधर-उधर घूमता दिखाई दिया। कभी लोहिया बाजार, कभी दाल मंडी चौराहा, कभी बघरा तांगा स्टैंड तो कभी शहर के दूसरे कौने में।
पुलिस को आरोपी तक पहुंचने में पूरे 8 दिन लगे, क्योंकि किसी भी सीसीटीवी फुटेज में उसका चेहरा साफ नहीं आ रहा था। यह पुलिस के लिए बहुत बड़ा चैलेंज था। बावजूद इसके आखिरकार पुलिस के हाथ बदमाश के गिरेबान तक पहुंच ही गए।

अंगूठी समेत दबोचा मौलाना
चरथावल रोड से न्याजुपुरा जाने वाले रास्ते पर नाहिद हसन पुत्र युनुस निवासी ग्राम नगला रियावली थाना रतनपुरी को धर दबोचा। उसके कब्जे से पुलिस को सर्राफ नवीन शर्मा की दुकान से लूटी गई सभी 5 सोने की अंगूठियां (3 लेडीज, 2 पुरुष) बरामद हो गईं।
मौलाना से लुटेरे तक का चौंकाने वाला खुलासा
पुलिस की पूछताछ में नाहिद हसन ने बड़ा खुलासा किया। उसने बताया कि वह गांव की एक मस्जिद में मौलाना था, लेकिन उसे वहां से निकाल दिया गया और किसी दूसरे को जिम्मेदारी दे दी गई।

आगे बताया कि आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण किसी दूसरी मस्जिद में काम नहीं मिला। उसने कपड़ों की दुकान खोल ली, लेकिन घाटा हुआ और 32 हजार रुपये का कर्ज चढ़ गया।
उसने बताया कि फिलहाल वह किसी दूसरे के कपड़ों को फेरी लगाकर दिहाड़ी मजदूरी कर रहा था।
कर्ज चुकाने के लिए की लूट
आरोपी मौलाना ने बताया कि उसने कर्ज चुकाने और कपड़ों का काम फिर से शुरू करने के लिए यह वारदात की। घर से निकलकर शहर पहुंचा और “बकरे” की तलाश में इधर-उधर भटकता रहा। उसकी नजर मोती महल में नवीन शर्मा की ज्वैलरी शॉप पर पड़ी।
बातों-बातों में नवीन शर्मा ने बताया कि हाल ही में उनके पैर का ऑपरेशन हुआ है, जिस कारण वे भाग नहीं सकते। यह सुनकर नाहिद की आंखें चमक उठीं और उसने लूट को अंजाम दे दिया।
पुलिस ने भेजा जेल
पुलिस ने नाहिद हसन को जेल भेज दिया है। लूटी गई अंगूठियां बरामद होने से सर्राफ नवीन शर्मा ने राहत की सांस ली। इस मामले में पुलिस की त्वरित और सटीक जांच की सराहना हो रही है।
एक मौलाना से लुटेरे तक का सफर अब जेल की सलाखों तक पहुंच गया है।



