मुजफ़्फ़रनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के शिव चौक स्थित आबकारी पुलिस चौकी के पास चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला एक ऐसी चोरी का है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। इस बार न तो कोई कीमती सामान चुराया गया और न ही नकदी, बल्कि एक बुर्काधारी महिला ने महज एक सन स्क्रीन क्रीम पर हाथ साफ कर दिया।

घटना आबकारी पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर स्थित फैंसी जनरल स्टोर है, जहां बुर्के में एक महिला बेहद शातिर अंदाज़ में अंदर दाखिल हुई। पहले तो वो दुकानदार को बातों में उलझाती है और फिर उसने सामने की रैक में रखे लेक्मे कंपनी की सन स्क्रीन क्रीम को उठाकर काउंटर के पास में रखा। जैसे ही उसे मौका मिला, उसने बड़ी सफाई से उस फेसवॉश को अपने कब्जे में लेकर वहां से निकल गई।

पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि महिला कितनी चालाकी से आसपास मौजूद ग्राहकों और दुकानदार की नजरों से बचते हुए चोरी को अंजाम देती है।
हैरानी की बात यह है कि यह घटना आबकारी पुलिस चौकी के ठीक पास की है, जहां पहले भी कई चोरी और झपटमारी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद इस तरह की वारदातों का सिलसिला जारी रहना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

लगातार हो रही चोरी की घटनाएं, खासकर बुर्काधारी महिलाओ के गिरोह द्वारा मचाई जा रहे आतंक के बाद व्यापारियों में पुलिस व्यवस्था से भरोसा ही उठ गया है, शायद ये ही वजह है कि इस तरह की कई घटनाओं की जानकारी अब पीड़ित दुकानदार पुलिस से करने में परहेज़ कर रहे हैं।
इस घटना में भी यही हुआ है। पीड़ित दुकानदार ने इस संबंध में कोई भी सूचना पुलिस को नहीं दी है। लगातार हो रही इन घटनाओं से व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।



