मुज़फ़्फ़रनगर के चरथावल थाना क्षेत्र के गांव रोनी हरजीपुर में बच्चों के मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते गांव में एक ही समुदाय के दो पक्ष आमने-सामने आ गए और फिर शुरू हो गया लाठी-डंडों, ईंट-पत्थरों और मारपीट का खूनी खेल। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि दोनों पक्षों के लोग गुस्से में एक-दूसरे पर टूट पड़े। कोई लाठी लेकर दौड़ता दिख रहा है तो कोई ईंट-पत्थर बरसाता नजर आ रहा है। गांव की गलियां अचानक रणभूमि में बदल गईं और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। महिलाओं और बच्चों में भी दहशत फैल गई।
जानकारी के मुताबिक विवाद की शुरुआत बच्चों के बीच हुई कहासुनी से हुई थी, लेकिन कुछ ही देर में परिवार और फिर दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि जमकर मारपीट शुरू हो गई।

मामले को लेकर चरथावल थाना प्रभारी सत्यनारायण दहिया ने बताया कि घटना बीते दिन की है। बच्चों के विवाद को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी, जो बाद में मारपीट में बदल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया गया।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं वायरल वीडियो सामने आने के बाद अब पुलिस बाकी हमलावरों की पहचान करने में जुट गई है। थाना प्रभारी का कहना है कि वीडियो के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।


