मुज़फ्फ़रनगर। नई मंडी में स्थित विजय लक्ष्मी ऑप्टिकल शोरूम में सोमवार देर रात करीब 2 बजे अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनुराग सिंह और फायर स्टेशन ऑफिसर (FSO) रामकिशोर यादव अपनी पूरी टीम और तीन दमकल गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे। शोरूम पूरी तरह बंद होने के कारण दमकल कर्मियों को आग तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कर्मचारियों ने शोरूम के शीशे तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
करीब दो घंटे की लगातार कड़ी मशक्कत के बाद सुबह लगभग 4 बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक शोरूम में रखा चश्मों का स्टॉक, महंगी मशीनें, फर्नीचर और अन्य सामान जलकर राख हो चुका था।
शोरूम संचालक अजय ने बताया कि सूचना मिलने पर वह तत्काल मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग काफी नुकसान पहुंचा चुकी थी। उनके अनुसार इस हादसे में करीब पांच लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि दुकान बंद करते समय सभी बिजली के स्विच और लाइटें बंद कर दी गई थीं, इसलिए आग लगने का कारण समझ नहीं आ रहा है।
दमकल विभाग ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। CFO का कहना है कि आग किन कारणों से लगी, इसका पता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।



