Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » मुज़फ्फ़रनगर में जैन समाज के कार्यक्रम का वीडियो वायरल, ‘फ्रॉड’ वाले बयान पर गौ सेवकों का फूटा गुस्सा,थाने पहुंचकर की कार्रवाई की मांग

मुज़फ्फ़रनगर में जैन समाज के कार्यक्रम का वीडियो वायरल, ‘फ्रॉड’ वाले बयान पर गौ सेवकों का फूटा गुस्सा,थाने पहुंचकर की कार्रवाई की मांग

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ्फ़रनगर। मेनका गांधी के कथित बयान के विरोध में आयोजित जैन समाज के प्रदर्शन का मामला अब नए विवाद में बदल गया है। कलेक्ट्रेट पर दिए गए ज्ञापन के दौरान मंच से बोले गए एक बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में जैन समाज से जुड़े प्रदीप जैन कथित तौर पर यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि देश में 16 हजार गौशालाओं में से 12 हजार का संचालन जैन समाज करता है, जबकि केवल मुंह से यह कहने वाले कि “गाय हमारी माता है… “वो सब फ्रॉड हैं।”

वीडियो वायरल होते ही इस बयान को लेकर गौ सेवकों में भारी नाराजगी फैल गई। मंगलवार रात करीब 9 बजे गौ सेवक नीशू अपने समर्थकों के साथ सिविल लाइन थाने पहुंचे और प्रदीप जैन के खिलाफ तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की। गौ सेवकों का आरोप है कि मंच से दिया गया यह बयान पूरे गौ सेवा आंदोलन और हजारों गौ सेवकों का सार्वजनिक अपमान है।

गौ सेवक नीशू ने कहा कि वर्षों से हजारों लोग बिना किसी स्वार्थ के गौ सेवा कर रहे हैं। ऐसे लोगों को मंच से “फ्रॉड” कहना बेहद आपत्तिजनक है और इससे उनकी भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो इस मुद्दे को बड़े स्तर पर उठाया जाएगा।

गौरतलब है कि इसी कार्यक्रम में जैन समाज ने पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी से दिगंबर जैन संतों की पवित्र मयूर पिच्छी को लेकर दिए गए कथित बयान पर बिना शर्त सार्वजनिक माफी की मांग करते हुए राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के नाम 10 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा था। लेकिन अब उसी कार्यक्रम का वायरल वीडियो पूरे आंदोलन की दिशा बदलता नजर आ रहा है।

ALSO READ THIS :  '500 करोड़ की संपत्ति, हजारों धर्मांतरण और देशभर में नेटवर्क!’, स्वामी यशवीर का नया 'धर्मांतरण बम'

फिलहाल सिविल लाइन थाना पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें