शामली। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत जगवती जगबीर्स गर्ल्स इंटर कॉलेज, बुटराडा में किशोरी क्लब की स्थापना की गई। जिलाधिकारी आलोक यादव के निर्देश और जिला प्रोबेशन अधिकारी मोहम्मद मुशफेकीन के नेतृत्व में महिला कल्याण विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा और जीवन कौशल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
किशोरी क्लब की स्थापना का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं के मनोरंजन, स्वास्थ्य और शारीरिक विकास को बढ़ावा देना है, ताकि छात्राएं शिक्षा के साथ-साथ खेल और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी अपनी रुचि बनाए रख सकें। इस क्लब में 125 से अधिक किशोरियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने छात्राओं को माहवारी के दौरान स्वच्छता, पौष्टिक आहार, मानसिक स्वास्थ्य, डिजिटल सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और जीवन कौशल से संबंधित जानकारी दी। छात्राओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य रामपाल सिंह जांगड़ा ने की। स्कूल में पांच-पांच छात्राओं के समूह बनाकर किशोरी क्लब का गठन किया गया। क्लब के संचालन के लिए छात्राओं को कैरम बोर्ड, लूडो, चैस, हॉकी, वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेल सामग्री वितरित की गई।
महिला कल्याण विभाग के जेंडर स्पेशलिस्ट कुलदीप शर्मा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में सफलता के नए आयाम स्थापित कर रही हैं। वे खेल, विज्ञान, तकनीक, कॉरपोरेट जगत और देश सेवा में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेलों में रुचि रखना भी जरूरी है, क्योंकि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य और पोषण के महत्व पर विशेष चर्चा की गई। छात्राओं को संतुलित आहार अपनाने, अपने शरीर और व्यक्तिगत पहचान के प्रति सकारात्मक सोच रखने तथा भविष्य के लक्ष्यों को निर्धारित कर शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
सहायक लेखाकार अंकित कुमार ने छात्राओं को महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री निराश्रित महिला पेंशन योजना, बाल सेवा योजना, स्पॉन्सरशिप योजना, वन स्टॉप सेंटर की सुविधाओं और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 सहित अन्य हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।
उन्होंने बाल विवाह के दुष्परिणाम और इसमें निर्धारित कानूनी प्रावधानों के बारे में जानकारी देते हुए छात्राओं को बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ भी दिलाई।
थाना बाबरी की मिशन शक्ति टीम के सब इंस्पेक्टर धर्मपाल सिंह और महिला कांस्टेबल कोमल ने छात्राओं को थानों में स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों की कार्यप्रणाली के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि महिलाएं अपनी शिकायतें दर्ज कराकर समयबद्ध तरीके से उनका समाधान करा सकती हैं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से चैनपाल सिंह फौजी ने महिलाओं से संबंधित कानूनों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को निशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
कार्यक्रम में महिला कल्याण विभाग के हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन से कुलदीप शर्मा, अंकित कुमार, शुभम कुमार, वन स्टॉप सेंटर से सचिन, विद्यालय के प्रधानाचार्य रामपाल सिंह जांगड़ा, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पीएलवी चैनपाल सिंह फौजी, शुषमा रानी, ननिता सैनी, मिशन शक्ति टीम के धर्मपाल सिंह, आशीष कुमार, कोमल, कल्पना माथुर, शशी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।


