Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » मुज़फ्फ़रनगर की ‘टॉर्चर फैक्ट्री’ का मुख्य आरोपी पहली बार बोला, कोर्ट में पेशी के दौरान कहा- “मुझे फंसाया गया”

मुज़फ्फ़रनगर की ‘टॉर्चर फैक्ट्री’ का मुख्य आरोपी पहली बार बोला, कोर्ट में पेशी के दौरान कहा- “मुझे फंसाया गया”

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ्फ़रनगर। तितावी थाना क्षेत्र के मांडी गांव स्थित चर्चित कथित टॉर्चर फैक्ट्री मामले का मुख्य आरोपी अंकित बलियान पहली बार सार्वजनिक रूप से सामने आया। गुरुवार को हरियाणा पुलिस उसे बी-वारंट पर कड़ी सुरक्षा के बीच मुज़फ्फ़रनगर न्यायालय लेकर पहुंची। पेशी के दौरान कोर्ट परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए अंकित ने खुद को निर्दोष बताते हुए दावा किया कि उसे झूठे मामले में फंसाया गया है।

अंकित बलियान ने मीडिया के सवालों के जवाब में कहा, “मैंने तो नहीं मारा… मेरे ऊपर झूठे इल्जाम लग गए हैं… मुझे फंसाया गया है।” आरोपी के इस बयान के बाद मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

यह वही मामला है, जिसने कुछ दिन पहले पूरे प्रदेश में सुर्खियां बटोरी थीं। 23 जून 2026 को तितावी क्षेत्र स्थित डोना फैक्ट्री पर पुलिस, श्रम विभाग और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में 12 बंधुआ मजदूरों को मुक्त कराया गया था। जांच एजेंसियों के अनुसार मजदूरों को फैक्ट्री में बंधक बनाकर रखा जाता था और उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया जाता था। आरोप है कि मजदूरों को हंटर और डंडों से पीटा जाता था, कुत्तों से कटवाया जाता था और उनके साथ गंभीर शारीरिक प्रताड़ना की जाती थी। कुछ मजदूरों की संदिग्ध मौत और हत्या के आरोपों की भी जांच चल रही है।

पुलिस इस मामले में पहले ही शिवा त्यागी, प्रदीप बालियान और रेबिट नामक आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। मुख्य आरोपी अंकित बलियान फरार था, लेकिन बाद में हरियाणा के पलवल में अवैध हथियार के एक मामले में गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद मुज़फ्फ़रनगर पुलिस ने बी-वारंट हासिल कर उसे इस मामले में न्यायालय में पेश कराया।

ALSO READ THIS :  यूपी: मुजफ्फरनगर में दलित युवक की हत्या, साथी ने कहा- "न्याय नहीं, बदला लेंगे"

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि अंकित बलियान इस मामले का मुख्य अभियुक्त है। उन्होंने कहा कि न्यायालय में पेशी के बाद नियमानुसार उससे संबंधित वैधानिक कार्रवाई, पूछताछ और अन्य प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। पुलिस इस पूरे प्रकरण की हर पहलू से जांच कर रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

हालांकि कोर्ट परिसर में आरोपी ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया, लेकिन पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों, पीड़ितों के बयान और अन्य सबूतों के आधार पर जांच आगे बढ़ रही है। फिलहाल पूरे प्रकरण पर पुलिस और जांच एजेंसियों की नजर बनी हुई है।

 

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें