मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस और पत्रकारों के साथ हुई बदसलूकी का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। अब इस पूरे घटनाक्रम से जुड़े 6 नए वीडियो सामने आए हैं, जिनमें कुछ लोग खुलेआम पुलिस को चुनौती देते, धमकियां देते और पत्रकारों के साथ अभद्र व्यवहार करते दिखाई दे रहे हैं। इन वीडियो के सामने आने के बाद पूरे घटनाक्रम को लेकर नए सवाल खड़े हो गए हैं।

पहले वीडियो में डबल डेकर डीजे की छत से लाउडस्पीकर के माध्यम से घोषणा की जा रही है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक फैक्स भेज दिया गया है और दूसरा 15 मिनट बाद भेजा जाएगा। वीडियो में यह भी कहा जा रहा है कि “हमारे साथ जो बदसलूकी हुई है, उसका परिणाम 16वें मिनट में दिखा देंगे।”
दूसरे वीडियो में मंच से वही युवक कथित तौर पर “बदला” लेने की बात कहते हुए गंगा मैया की कसम खाता दिखाई दे रहा है। वीडियो में मौजूद भाषा और अंदाज पूरे माहौल को और अधिक उग्र बनाते नजर आ रहे हैं।

तीसरा वीडियो शिव चौक स्थित आबकारी पुलिस चौकी के अंदर का बताया जा रहा है। इसमें सफेद कुर्ता पहने एक युवक पुलिस को चुनौती देते हुए कहता दिखाई देता है कि, “दिखाओ वर्दी की अकड़ कितनी है… हम थाने के अंदर खड़े होकर कह रहे हैं।”
चौथे वीडियो में भगवाधारी साधु के वेश में एक व्यक्ति पुलिस अधिकारी से तीखे अंदाज में बात करते हुए दिखाई देता है। वह कहता है कि एक वीडियो बनाऊंगा, जिसमें पूरा प्रशासन अलर्ट नजर आएगा। इसी दौरान वह यह भी कहता सुनाई देता है कि “मैं वही हूं… जिसे रात 12-12 बजे तक ढूंढते फिरते थे कि महाराज वीडियो डिलीट कर दो।”
पांचवें वीडियो में वही भगवाधारी युवक पुलिस अधिकारी द्वारा “भाई” कहे जाने पर उंगली उठाते हुए तीखी प्रतिक्रिया देता है और कहता है, “मैं तुम्हारा भाई नहीं हूं।”
छठे वीडियो में कुछ लोग मौके पर मौजूद पत्रकारों के साथ अभद्र व्यवहार करते और उन्हें धमकाते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसी घटनाक्रम के दौरान कई पत्रकारों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की घटनाएं भी सामने आई थीं।
गौरतलब है कि इससे पहले भी एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक पुलिस अधिकारी को कथित तौर पर “5 मिनट में वर्दी उतरवाने” जैसी धमकी दी गई थी। अब लगातार सामने आ रहे नए वीडियो पूरे घटनाक्रम की गंभीरता को और बढ़ा रहे हैं।
पुलिस पहले ही इस मामले की जांच कर रही है। पत्रकारों की ओर से भी नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ शिकायत दी जा चुकी है। अब इन नए वीडियो के सामने आने के बाद जांच का दायरा और बढ़ने की संभावना है।



