मुज़फ़्फ़रनगर। दीपावली की खरीदारी के लिए शहर के बाजारों में निकलने से पहले रास्तों की जानकारी जरूर कर लें। त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। इसके तहत शिव चौक और आसपास के प्रमुख मार्गों पर ई-रिक्शा तथा चार पहिया वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
यह व्यवस्था 5 नवंबर से 11 नवंबर तक प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक लागू रहेगी। मालवीय चौक से शिव चौक जाने वाले वाहन चर्च रोड के सामने फायर स्टेशन से मूलचंद स्वीट्स, आलू मंडी होते हुए मीनाक्षी चौक की ओर जा सकेंगे। इस मार्ग पर ई-रिक्शा केवल फायर स्टेशन तक ही चलेंगी। नगर पालिका परिषद गेट से शिव चौक की ओर ई-रिक्शा पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगी।
इसके अलावा मीनाक्षी चौक, लोहा मंडी कट और नावेल्टी चौक से शिव चौक की ओर ई-रिक्शा नहीं चलेंगी। हनुमान चौक से भगत सिंह रोड पर शिव चौक की ओर चार पहिया वाहनों और ई-रिक्शा की एंट्री बंद रहेगी। प्रकाश चौक से आने वाली ई-रिक्शा केवल फायर सर्विस स्टेशन तक जा सकेंगी।
चर्च रोड पर जिला परिषद मार्केट के सामने से फायर स्टेशन, झांसी की रानी होते हुए नगर पालिका तक वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी। यातायात पुलिस ने लोगों से निर्धारित मार्गों का इस्तेमाल करने और अपने वाहन इस तरह खड़े करने की अपील की है, जिससे बाजारों में जाम की स्थिति न बने।

