Home » उत्तर प्रदेश » जनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनी फरियाद, बोले- अपराधियों और अवैध कब्जा करने वालों के लिए यूपी में कोई जगह नहीं

जनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनी फरियाद, बोले- अपराधियों और अवैध कब्जा करने वालों के लिए यूपी में कोई जगह नहीं

Facebook
Twitter
WhatsApp

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे फरियादियों से मुख्यमंत्री ने सीधे संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को जल्द समाधान के निर्देश दिए।

जनता दर्शन में बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक फरियादी की बात गंभीरता से सुनी और अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध और निष्पक्ष तरीके से किया जाए। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को न्याय दिलाना सरकार की प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अवैध कब्जे और धमकी देने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

जनता दर्शन में कई मामले अवैध कब्जे और दबाव बनाए जाने से जुड़े सामने आए। कुछ फरियादियों ने आरोप लगाया कि दबंगों द्वारा उनकी जमीन या संपत्ति पर अवैध कब्जा किया जा रहा है और विरोध करने पर उन्हें धमकियां दी जा रही हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवैध कब्जे से जुड़े मामलों की तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। धमकी देने वालों और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करे। साथ ही अपराध और अवैध कब्जे से जुड़े मामलों की विवेचना में तेजी लाई जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके।

बिल्डर के खिलाफ शिकायत पर जांच के आदेश

जनता दर्शन के दौरान गाजियाबाद, मेरठ और नोएडा से जुड़े एक बिल्डर के खिलाफ भी शिकायत पहुंची। फरियादियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि कथित तौर पर बिल्डर द्वारा एक ही फ्लैट को कई लोगों के नाम रजिस्ट्री कर दिया गया है, जिससे खरीदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ALSO READ THIS :  अयोध्या राम मंदिर न्यूज़: 200 किलो चांदी के विवाद पर ट्रस्ट का बड़ा खुलासा, दानदाताओं से मांगी पैन-मोबाइल लिस्ट

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच में यदि बिल्डर दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और पीड़ितों को न्याय दिलाया जाए।

अधिकारियों को समाधान में तेजी लाने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए और शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी न की जाए।

उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि हर पीड़ित व्यक्ति को निष्पक्ष न्याय मिले। कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए अपराधियों और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ काम करने और आम जनता की समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें