मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर के थाना खतौली क्षेत्र की रहने वाली एक नवविवाहिता ने प्रेम विवाह के बाद अपनी और अपने पति के परिवार की सुरक्षा को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से गुहार लगाई है। युवती का आरोप है कि उसके मायके पक्ष के लोग विवाह का विरोध कर रहे हैं और उसे, उसके पति तथा ससुराल पक्ष को जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकियां दे रहे हैं।
अपनी मर्जी से की कोर्ट मैरिज
थाना खतौली क्षेत्र के गांव छछरपुर निवासी सानिया ने एसएसपी कार्यालय में दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह बालिग है और उसकी जन्मतिथि 3 अगस्त 2007 है। उसने अपनी इच्छा और सहमति से 3 जुलाई 2026 को घर छोड़ा था।
सानिया के अनुसार, वह केवल अपने पहने हुए कपड़ों के साथ घर से निकली थी और अपने साथ आधार कार्ड तथा हाईस्कूल की मार्कशीट लेकर गई थी। इसके बाद उसने 6 जुलाई 2026 को मेरठ जनपद के गांव रूहासा निवासी नितिन कुमार पुत्र सुरेश कुमार के साथ विधिवत रजिस्टर्ड कोर्ट मैरिज कर ली।
‘किसी ने बहला-फुसलाकर नहीं ले गया’
सानिया ने अपने प्रार्थना पत्र में स्पष्ट किया कि उसे किसी ने बहला-फुसलाकर या दबाव बनाकर घर से नहीं ले जाया। उसने अपनी मर्जी से विवाह किया है।
उसने बताया कि उसकी मुलाकात नितिन से अपनी बहन के घर के पास हुई थी। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और बाद में उन्होंने जीवनभर साथ रहने का निर्णय लेते हुए विवाह कर लिया।
सानिया ने यह भी कहा कि शुरुआत में उसे नितिन की जाति की जानकारी नहीं थी। बाद में जानकारी मिलने पर नितिन ने सामाजिक परिस्थितियों का हवाला देते हुए शादी से मना किया, लेकिन उसने स्वयं उनके साथ जीवन बिताने की इच्छा जताई और दोनों ने विवाह कर लिया।
परिजनों पर धमकी देने का आरोप
नवविवाहिता का आरोप है कि विवाह के बाद उसके परिवार के लोग इस रिश्ते का विरोध कर रहे हैं और लगातार उसे, उसके पति और ससुराल पक्ष को जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। साथ ही झूठे मुकदमों में फंसाने की भी चेतावनी दी जा रही है।
सानिया ने एसएसपी से मांग की है कि उसे, उसके पति और ससुराल पक्ष को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे बिना किसी भय के अपना वैवाहिक जीवन व्यतीत कर सकें।
एसएसपी कार्यालय में लगाई सुरक्षा की गुहार
एसएसपी कार्यालय पहुंची सानिया ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उसने अपनी पसंद से नितिन कुमार से विवाह किया है और अब वह अपने पति के साथ रहना चाहती है। उसने कहा कि उसके परिवार वालों से उसे और उसके पति को खतरा है, इसलिए उसने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है।
फिलहाल पुलिस को प्रार्थना पत्र सौंप दिया गया है। मामले में पुलिस द्वारा शिकायत के आधार पर आवश्यक जांच और नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।



