नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में स्कूटी चोरी कर उन्हें ऑनलाइन डिलीवरी कर्मियों को किराये पर देकर अवैध कमाई करने वाले एक शातिर वाहन चोर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 26 वर्षीय सुंदर वरजानी के रूप में हुई है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की छह स्कूटियां, एक मोबाइल फोन, डेबिट कार्ड और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने चोरी किए गए मोबाइल और डेबिट कार्ड का इस्तेमाल कर करीब 95 हजार रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी भी की थी।
पुलिस के अनुसार आईपी एस्टेट और आसपास के इलाकों में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया था। हाथी घाट, राजघाट से चोरी हुई एक टीवीएस जुपिटर स्कूटी की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई गई।
सीसीटीवी और तकनीकी निगरानी से मिली सफलता
तकनीकी निगरानी और नैटग्रिड की सहायता से चोरी की स्कूटी की लोकेशन इंदिरा विकास कॉलोनी स्थित सेवा भारती के पास मिली। 15 जुलाई को पुलिस ने इलाके में जाल बिछाकर निगरानी की। इसी दौरान आरोपी चोरी की स्कूटी का लॉक खोलने की कोशिश करता मिला, जिसे पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने पांच अन्य चोरी की स्कूटियां भी बरामद कर लीं। जांच में पता चला कि वह दिल्ली और हरियाणा में वाहन चोरी के छह मामलों में शामिल रहा है।
मोबाइल और डेबिट कार्ड से की 95 हजार की ठगी
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी चोरी की स्कूटी में रखा मोबाइल फोन और डेबिट कार्ड भी अपने साथ ले जाता था। मोबाइल का सुरक्षा लॉक तोड़कर उसने बैंक खाते तक अनधिकृत पहुंच बनाई और करीब 95 हजार रुपये का फर्जी लेनदेन कर लिया। पुलिस अब इस रकम के लेनदेन और उससे जुड़े लोगों की जांच कर रही है।
डिलीवरी बॉय को किराये पर देता था चोरी की स्कूटियां
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह रिहायशी कॉलोनियों, रेलवे स्टेशनों, सार्वजनिक स्थानों और सड़क किनारे खड़ी बिना निगरानी वाली स्कूटियों को निशाना बनाता था। चोरी के बाद वह वाहनों को कुछ समय तक छिपाकर रखता और फिर विभिन्न ऑनलाइन डिलीवरी कंपनियों से जुड़े डिलीवरी बॉय को किराये पर देकर मोटी कमाई करता था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की गिरफ्तारी से आईपी एस्टेट, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, वजीराबाद, करोल बाग, मुखर्जी नगर और हरियाणा के समालखा थाना क्षेत्र में दर्ज वाहन चोरी के छह मामलों का खुलासा हुआ है। पुलिस अब आरोपी के अन्य साथियों और उसके पूरे आपराधिक नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।



