Home » विविध इंडिया » दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़ा आनंद पर्वत का ‘बैड कैरेक्टर’, चोरी की बाइक और स्कूटर बरामद

दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़ा आनंद पर्वत का ‘बैड कैरेक्टर’, चोरी की बाइक और स्कूटर बरामद

Facebook
Twitter
WhatsApp

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के आनंद पर्वत थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए इलाके के घोषित ‘बैड कैरेक्टर’ को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 36 वर्षीय सुभाष सिंह उर्फ ‘मेंटल’ के रूप में हुई है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटर बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने बताया कि 15 जुलाई को हेड कांस्टेबल रोहित को सूचना मिली कि नेहरू नगर स्थित रामलीला मैदान के पास एक संदिग्ध युवक चोरी की मोटरसाइकिल के साथ घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस को देखकर भागा, पीछा कर दबोचा

मौके पर पहले से गश्त कर रहे कांस्टेबल अशोक और कांस्टेबल ओम प्रकाश ने संदिग्ध युवक को रोक लिया था। पुलिस टीम को देखते ही आरोपी मोटरसाइकिल छोड़कर भागने लगा, लेकिन दोनों पुलिसकर्मियों ने पीछा कर कुछ ही दूरी पर उसे पकड़ लिया।

जांच में पता चला कि उसके पास मौजूद मोटरसाइकिल सराय रोहिल्ला थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी और इस संबंध में पहले से मामला दर्ज था।

पूछताछ में खुला दूसरा राज

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी ने मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। उसने यह भी बताया कि एक और चोरी का स्कूटर रामलीला मैदान के पीछे स्थित मंदिर के पास छिपाकर रखा है।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वहां से सफेद रंग का होंडा एक्टिवा स्कूटर बरामद किया। जांच में यह स्कूटर भी मोती नगर थाना क्षेत्र से चोरी किया गया निकला।

ALSO READ THIS :  कर्नाटक भगदड़ पर सांसद मलूक नागर ने सरकार को लिया आड़े हाथ, गैर-जिम्मेदाराना रवैये की कड़ी निंदा की

दो वाहन चोरी के मामलों का खुलासा

पुलिस के मुताबिक दोनों वाहनों की बरामदगी के साथ वाहन चोरी के दो मामलों का सफलतापूर्वक खुलासा हो गया है। अब यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी किसी बड़े वाहन चोरी गिरोह से जुड़ा है या अकेले ही वारदातों को अंजाम देता था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नियमित गश्त, समय पर मिली सूचना और त्वरित कार्रवाई के चलते आरोपी को गिरफ्तार करना और चोरी के दोनों वाहन बरामद करना संभव हो सका। मामले की जांच जारी है।

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें