मुज़फ़्फ़रनगर। शहर के खालापार इलाके में गुरुवार रात उस समय दहशत फैल गई, जब बिजली के एक खंभे पर अचानक तेज स्पार्किंग शुरू हो गई। देखते ही देखते तारों से लगातार आग की लपटें और चिंगारियां निकलने लगीं। करीब 10 मिनट तक चले इस घटनाक्रम के दौरान आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। घटना का 48 सेकेंड का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह घटना खालापार स्थित नूर मस्जिद के पीछे तस्मिया स्कूल वाली गली की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अचानक बिजली के तारों से तेज स्पार्किंग शुरू हुई, जो कुछ ही देर में आग का रूप ले गई। लगातार निकल रही चिंगारियों के कारण स्थानीय लोग सहम गए, जबकि बच्चों को तत्काल वहां से दूर ले जाया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्पार्किंग के दौरान बिजली के तार और केबिल जलकर क्षतिग्रस्त हो गए, जिसके बाद पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। प्रारंभिक तौर पर अत्यधिक विद्युत लोड को इस घटना की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारण संबंधित विभाग की तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग शहर की बिजली व्यवस्था और रखरखाव को लेकर सवाल उठा रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि समय रहते ऐसी तकनीकी खामियों को दूर नहीं किया गया तो भविष्य में बड़ा हादसा भी हो सकता है।



