Home » उत्तराखंड » रामनगर से देहरादून का सफर होगा आसान, पहली बार चलेगी द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन को रेल मंत्रालय की मंजूरी

रामनगर से देहरादून का सफर होगा आसान, पहली बार चलेगी द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन को रेल मंत्रालय की मंजूरी

Facebook
Twitter
WhatsApp

देहरादून। उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र के लोगों के लिए रेल मंत्रालय ने बड़ी सौगात दी है। रामनगर और देहरादून के बीच बेहतर रेल संपर्क के उद्देश्य से रेल मंत्रालय ने 15310/15309 रामनगर–देहरादून–रामनगर द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन के संचालन को मंजूरी दे दी है। यह रामनगर और देहरादून के बीच चलने वाली पहली एक्सप्रेस ट्रेन होगी। क्षेत्रीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग और सांसद अनिल बलूनी के प्रयासों के बाद इस रेल सेवा को शुरू किया जा रहा है।

नई एक्सप्रेस ट्रेन सप्ताह में दो दिन बुधवार और शुक्रवार को संचालित होगी। ट्रेन रामनगर से सुबह 5:50 बजे रवाना होकर दोपहर 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन उसी दिन दोपहर 3:55 बजे देहरादून से चलकर रात 11:30 बजे रामनगर पहुंचेगी।

इस ट्रेन का ठहराव दोनों दिशाओं में काशीपुर, रोशनपुर, पीपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार रेलवे स्टेशनों पर होगा। इससे उत्तराखंड के कई जिलों के साथ ही उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद और बिजनौर क्षेत्र के यात्रियों को भी सीधा लाभ मिलेगा।

छात्रों, व्यापारियों और यात्रियों को मिलेगी सुविधा

रेल सेवा शुरू होने से नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, हरिद्वार और देहरादून जिलों के छात्रों, किसानों, व्यापारियों और आम यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। यात्री अब रामनगर से देहरादून और हरिद्वार जाकर अपने जरूरी काम एक ही दिन में पूरा कर वापस लौट सकेंगे।

इस ट्रेन के संचालन से प्रदेश की राजधानी देहरादून के अलावा हरिद्वार तक पहुंचना भी आसान होगा। सरकारी कामकाज, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़े लोगों को इसका विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है।

पर्यटकों और चारधाम यात्रियों के लिए भी फायदेमंद

रामनगर को कॉर्बेट सिटी के नाम से जाना जाता है और यहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। नई रेल सेवा शुरू होने से जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधा मिलेगी। इसके अलावा रामनगर के आसपास स्थित गिरिजा देवी मंदिर और सीतामढ़ी तथा सीतावनी जैसे धार्मिक और पौराणिक स्थलों पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को भी फायदा होगा।

ALSO READ THIS :  औरैया में भारी बवाल; होटल के बाहर कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा,दबंगों की तलाश में जुटी पुलिस

देहरादून और हरिद्वार से बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री सहित चारधाम यात्रा पर जाने वाले यात्रियों के लिए भी यह ट्रेन बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगी।

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन में वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, वातानुकूलित चेयर कार, शयनयान, द्वितीय श्रेणी चेयर कार और सामान्य द्वितीय श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे।

सांसद अनिल बलूनी ने जताई खुशी

सांसद अनिल बलूनी ने 14 जुलाई को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा था कि लंबे समय से किए जा रहे प्रयासों के बाद रामनगर–देहरादून सीधी रेल सेवा शुरू होने जा रही है। उन्होंने कहा कि यह सेवा स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए भी काफी लाभदायक होगी।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड की रेल सेवाओं और परियोजनाओं को लगातार प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यात्रियों की संख्या और मांग को देखते हुए भविष्य में इस ट्रेन का संचालन सप्ताह में चार या पांच दिन तक बढ़ाया जा सकता है।


टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें