Home » विविध इंडिया » पुरी रथ यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, डीजीपी की अपील- छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को फिलहाल न लाएं

पुरी रथ यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, डीजीपी की अपील- छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को फिलहाल न लाएं

Facebook
Twitter
WhatsApp

भुवनेश्वर। ओडिशा के पुरी में भगवान जगन्नाथ की विश्व प्रसिद्ध रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए ओडिशा पुलिस के महानिदेशक (डीजीपी) वाईबी खुरानिया ने श्रद्धालुओं से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने सलाह दी है कि फिलहाल छोटे बच्चों, बुजुर्गों और अस्वस्थ लोगों को रथ यात्रा में साथ लेकर आने से बचें, ताकि किसी भी तरह की स्वास्थ्य या सुरक्षा संबंधी परेशानी से बचा जा सके।

मीडिया से बातचीत में डीजीपी वाईबी खुरानिया ने कहा कि भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के दर्शन के लिए पुरी पहुंच रहे श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में विशेष रूप से एक और दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों को भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में लाना सुरक्षित नहीं है। उन्होंने कहा कि यह सलाह केवल श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जारी की गई है।

डीजीपी ने बताया कि पुरी का बड़ा दांडा यानी ग्रैंड रोड पूरी तरह श्रद्धालुओं से भरा हुआ है। शहर के विभिन्न हिस्सों में लाखों श्रद्धालु मौजूद हैं और अलग-अलग राज्यों से लोगों का लगातार आगमन जारी है। पूरे शहर में धार्मिक उत्साह और आस्था का माहौल बना हुआ है, लेकिन भीड़ के कारण अतिरिक्त सतर्कता बेहद जरूरी है।

भारी भीड़ के बीच सुरक्षा कड़ी, 103 झपटमार गिरफ्तार, 203 चोरी के मोबाइल बरामद

ओडिशा पुलिस ने श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे यात्रा से पहले प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी को ध्यान से पढ़ें और सभी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। पुलिस का कहना है कि इस वर्ष रथ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं तथा हर स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

ALSO READ THIS :  बिहार में एनडीए की प्रचंड जीत: मनन कुमार मिश्रा का दावा

इस बीच पुरी जिला पुलिस ने विशेष एंटी-स्नैचिंग अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। अभियान के दौरान अब तक 103 झपटमारों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से श्रद्धालुओं के चोरी हुए 203 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि भीड़ का फायदा उठाकर चोरी और झपटमारी करने वाले लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

रथ यात्रा के दौरान बड़ा दांडा, श्री जगन्नाथ मंदिर परिसर, समुद्र तट, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, पार्किंग स्थल और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष पुलिस टीमें चौबीसों घंटे तैनात हैं। सीसीटीवी कैमरों, आधुनिक निगरानी प्रणाली और खुफिया सूचना तंत्र की मदद से संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने मोबाइल फोन, पर्स, नकदी, सोने के आभूषण और अन्य कीमती सामान की विशेष सुरक्षा करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस या सुरक्षा कर्मियों को दें, ताकि रथ यात्रा सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें