Home » उत्तराखंड » उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट, नैनीताल-चम्पावत समेत तीन जिलों में रेड अलर्ट; चारधाम यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह

उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट, नैनीताल-चम्पावत समेत तीन जिलों में रेड अलर्ट; चारधाम यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह

Facebook
Twitter
WhatsApp

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता के बीच मौसम विभाग ने भारी बारिश को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। नैनीताल, चम्पावत और ऊधमसिंह नगर जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी और कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है और आपदा प्रबंधन तंत्र को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार और बागेश्वर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में भी भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। कई जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी व्यक्त की गई है।

20 जुलाई को कई जिलों में रेड अलर्ट

मौसम विभाग ने 20 जुलाई को देहरादून, हरिद्वार और टिहरी जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इसके बाद 21 और 22 जुलाई को भी प्रदेश के कई हिस्सों में ऑरेंज और येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।

बारिश की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने सभी जिला आपदा परिचालन केंद्रों को 24 घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा राहत और बचाव दलों की तैनाती, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी और भूस्खलन संभावित मार्गों पर आवश्यक मशीनरी उपलब्ध रखने को कहा गया है।

चारधाम यात्रियों और पर्यटकों से सावधानी बरतने की अपील

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रदेशवासियों, चारधाम यात्रियों और पर्यटकों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और यात्रा शुरू करने से पहले मौसम तथा सड़क की स्थिति की जानकारी लेने को कहा है।

ALSO READ THIS :  राहुल गांधी का सरकार पर हमला, बोले- भारत में पेपर लीक आम बात, शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार ने युवाओं का भविष्य छीना

उन्होंने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में लोग 112, 1070 और 1077 नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।

देहरादून समेत कई इलाकों में बारिश जारी

इस बीच देहरादून सहित उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों में सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी देहरादून में दिनभर हल्की से मध्यम बारिश के कई दौर हो सकते हैं, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान हल्द्वानी में 108 मिमी, थल में 103.5 मिमी, धारचूला में 92.4 मिमी, देहरादून के हाथीबड़कला क्षेत्र में 93 मिमी और मालदेवता में 80.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों, भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों और पहाड़ी मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें