Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » मुज़फ्फरनगर में डिलीवरी के बाद महिला की मौत, रमानी नर्सिंग होम में परिजनों का हंगामा; डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप

मुज़फ्फरनगर में डिलीवरी के बाद महिला की मौत, रमानी नर्सिंग होम में परिजनों का हंगामा; डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर। शहर के थाना खालापार क्षेत्र स्थित रमानी नर्सिंग होम में डिलीवरी के बाद एक महिला की मौत से हड़कंप मच गया। रविवार अपराह्न करीब 4 बजे मृतका के परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और डॉक्टर व अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। वहीं अस्पताल प्रबंधन ने चिकित्सकीय जटिलता के चलते मौत होने की बात कही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार नई मंडी थाना क्षेत्र के कुकड़ा निवासी मोहम्मद वकील अपनी पत्नी फरजाना को रविवार सुबह करीब 9 बजे प्रसव के लिए खालापार स्थित रमानी नर्सिंग होम लेकर पहुंचे थे। अस्पताल में महिला की नॉर्मल डिलीवरी कराई गई और नवजात शिशु पूरी तरह स्वस्थ बताया गया। लेकिन डिलीवरी के कुछ समय बाद अचानक महिला की तबीयत बिगड़ गई और उसकी अपराह्न करीब 4 बजे मौत हो गई।

मृतका के परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रशासन ने उन्हें समय पर सही जानकारी नहीं दी। उनका कहना है कि फरजाना की मौत सुबह ही हो चुकी थी, लेकिन अस्पताल की ओर से परिवार को इसकी सूचना काफी देर बाद शाम को दी गई। परिजनों का आरोप है कि यदि समय रहते सही जानकारी दी जाती और बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाता तो शायद महिला की जान बचाई जा सकती थी।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन अस्पताल पहुंच गए और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

ALSO READ THIS :  मुज़फ़्फ़रनगर में शिक़ायतकर्ता की पहचान उजागर करने पर प्रदूषण अधिकारी को फटकार लगी, डीएम ने दिए कार्रवाई के आदेश

वहीं, अस्पताल की संचालक डॉ. नीना रमानी ने सभी आरोपों को नकारते हुए कहा कि महिला को रविवार सुबह प्रसव पीड़ा के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसकी नॉर्मल डिलीवरी सफलतापूर्वक कराई गई और बच्चा पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने बताया कि डिलीवरी के बाद अचानक बच्चेदानी से अत्यधिक रक्तस्राव शुरू हो गया।

चिकित्सकीय टीम ने महिला को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए, लेकिन लगातार प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। उन्होंने घटना पर गहरा दुख भी व्यक्त किया।

महिला की मौत के बाद अस्पताल में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच और चिकित्सकीय तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

[wonderplugin_slider id=1]

टॉप स्टोरी

मानदेय को लेकर मुज़फ़्फ़रनगर मेडिकल कॉलेज में इंटर्न डॉक्टरों का धरना: डॉक्टरों का आरोप- सरकार ने मानदेय ₹12 हजार से बढ़ाकर ₹25 हजार किया, लेकिन कॉलेज प्रशासन बढ़ी राशि का भुगतान नहीं कर रहा

ज़रूर पढ़ें