फिरोजाबाद। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बसई मौहम्मदपुर पुलिस और एसओजी टीम को बड़ी सफलता मिली है। रविवार देर रात पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी और हिस्ट्रीशीटर बदमाश सत्यप्रकाश उर्फ सत्ता को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अनुज चौधरी ने बताया कि जिले में हिस्ट्रीशीटर, लूट और डकैती के मामलों में वांछित अपराधियों के सत्यापन और गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 16 जून को थाना बसई मौहम्मदपुर पुलिस ग्राम मालीपट्टी में हिस्ट्रीशीटर सत्यप्रकाश उर्फ सत्ता के सत्यापन के लिए पहुंची थी। उस दौरान आरोपी और उसके साथियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी थी। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी।
सूचना मिलते ही की घेराबंदी, फायरिंग के बाद हुई जवाबी कार्रवाई
रविवार देर रात थाना प्रभारी कृष्ण स्वरूप पाल अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि वांछित आरोपी सत्यप्रकाश उर्फ सत्ता अपने गांव आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी।
पुलिस को देखकर आरोपी ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
तमंचा, कारतूस और बिना नंबर की अपाचे बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा काले और लाल रंग की बिना नंबर प्लेट वाली अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सत्यप्रकाश उर्फ सत्ता पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह थाना बसई मौहम्मदपुर का हिस्ट्रीशीटर भी है। उसके खिलाफ विभिन्न आपराधिक मामलों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपी के आपराधिक नेटवर्क और उसके साथियों के संबंध में भी जांच कर रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक अनुज चौधरी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है और क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।



