Home » विविध इंडिया » ‘शिक्षा मंत्री के इस्तीफे तक जारी रहेगा आंदोलन’, सोनम वांगचुक के अनशन खत्म होने पर सपा का बयान

‘शिक्षा मंत्री के इस्तीफे तक जारी रहेगा आंदोलन’, सोनम वांगचुक के अनशन खत्म होने पर सपा का बयान

Facebook
Twitter
WhatsApp

नई दिल्ली। सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के 26 दिन बाद भूख हड़ताल समाप्त करने के बाद समाजवादी पार्टी ने स्पष्ट किया है कि उनकी पार्टी की मांगों में कोई बदलाव नहीं आया है। सपा नेताओं का कहना है कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक न सरकार से कोई बातचीत होगी और न ही आंदोलन समाप्त किया जाएगा।

सोनम वांगचुक के जल्द स्वस्थ होने की कामना

समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने सोनम वांगचुक के अनशन समाप्त करने के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह उचित निर्णय है। उन्होंने कहा कि वह ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि सोनम वांगचुक जल्द स्वस्थ होकर सामान्य जीवन में लौटें।

अवधेश प्रसाद ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पहले ही सोनम वांगचुक से भूख हड़ताल समाप्त करने की अपील की थी। उन्होंने बताया कि अखिलेश यादव ने इस संबंध में पार्टी सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल भी वांगचुक से मिलने भेजा था। उनके अनुसार, अखिलेश यादव का मानना था कि “जिंदगी बहुत कीमती है” और आंदोलन जारी रखने के लिए स्वास्थ्य का सुरक्षित रहना जरूरी है।

“भूख हड़ताल का सरकार पर असर नहीं”

अवधेश प्रसाद ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने सत्याग्रह और भूख हड़ताल को लोकतांत्रिक विरोध का प्रभावी माध्यम बनाया था, लेकिन मौजूदा सरकार पर ऐसे आंदोलनों का अपेक्षित असर दिखाई नहीं देता। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस पूरे मामले में हस्तक्षेप करने से बच रही है, जिसके कारण देशभर से छात्र और युवा जंतर-मंतर पहुंचकर प्रदर्शन कर रहे हैं।

ALSO READ THIS :  चढ़ावा प्रकरण के बीच अयोध्या में जुटेंगे सभी ट्रस्टी, समितियों के पुनर्गठन और प्रशासनिक सुधारों पर भी होगी चर्चा

उन्होंने कहा कि यदि सरकार समय रहते ठोस कदम उठाती तो स्थिति यहां तक नहीं पहुंचती।

“पहले शिक्षा मंत्री इस्तीफा दें”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेपर लीक मामलों के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट और सख्त कानून लाने की घोषणा पर प्रतिक्रिया देते हुए अवधेश प्रसाद ने कहा कि सबसे पहले शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। उनका कहना था कि इसके बाद ही सरकार को छात्रों और देश के सामने इस मुद्दे पर अपनी बात रखनी चाहिए।

सपा प्रवक्ता बोले- मांगों में कोई बदलाव नहीं

समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष वर्मा ने कहा कि सोनम वांगचुक जैसे व्यक्ति का जीवन किसी भी राजनीतिक मुद्दे से अधिक महत्वपूर्ण है और उन्हें अपनी जान जोखिम में डालने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि यह युवाओं का आंदोलन है और युवाओं की भागीदारी ही इसकी सबसे बड़ी ताकत है।

आशुतोष वर्मा ने स्पष्ट कहा कि समाजवादी पार्टी की मांग पहले जैसी ही है। उन्होंने कहा, “जब तक शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक न सरकार से कोई बातचीत होगी और न ही आंदोलन समाप्त होगा।”

उन्होंने कहा कि पार्टी छात्रों के मुद्दों और पेपर लीक मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग पर पहले की तरह कायम है।

 

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें