Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » मुजफ्फरनगर में राष्ट्रीय अध्यक्ष नेतृत्व में किसानों का प्रदर्शन, मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी

मुजफ्फरनगर में राष्ट्रीय अध्यक्ष नेतृत्व में किसानों का प्रदर्शन, मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुजफ्फरनगर। विभिन्न किसान समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (सेवक) ने शुक्रवार को जिला कलेक्ट्रेट पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर दीपक सोम के नेतृत्व में सुबह से ही बड़ी संख्या में किसान कलेक्ट्रेट पहुंचने लगे थे, जिन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी आठ सूत्रीय मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। प्रदर्शन को देखते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए और भारी पुलिस बल तैनात रहा।

करीब 11 बजे से शुरू इस धरने को संबोधित करते हुए किसान नेताओं ने कहा कि प्रदेश का किसान लगातार आर्थिक संकट से जूझ रहा है, लेकिन उसकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा। उन्होंने सरकार से किसानों से जुड़े मुद्दों पर तत्काल प्रभाव से निर्णय लेने की मांग की।

भाकियू (सेवक) ने अपने ज्ञापन में गन्ने का लाभकारी मूल्य घोषित करने, किसानों के लिए घरेलू बिजली दरों को आधा करने, काली नदी और हिंडन नदी में बढ़ते प्रदूषण पर प्रभावी रोक लगाने तथा दोनों नदियों को पुनः जीवनदायिनी बनाने की मांग उठाई।

इसके अलावा संगठन ने किसानों को उपलब्ध कराए जा रहे बीजों की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच, प्रदेश के अनुसंधान केंद्रों की कार्यप्रणाली की समीक्षा, बिना किसी शर्त के किसान परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने और किसानों का संपूर्ण कर्ज एकमुश्त माफ किए जाने की भी मांग की।

धरने में गोरखपुर-अंबाला हाईवे परियोजना से प्रभावित किसानों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। संगठन ने मांग की कि अधिग्रहित भूमि के बदले किसानों को आठ गुना मुआवजा दिया जाए ताकि उन्हें उचित न्याय मिल सके।

ALSO READ THIS :  कांवड़ यात्रा में हुड़दंग पर भड़की हिंदू संघर्ष समिति: नरेंद्र पंवार बोले-'ये शिवभक्त नहीं, व्यूज के भूखे उपद्रवी हैं

भाकियू (सेवक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर दीपक सोम ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। प्रदर्शन के बाद किसानों ने सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर को आठ सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

 

 

 

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें