Home » विविध इंडिया » छह दिन बाद फिर शुरू हुई अमरनाथ और वैष्णो देवी यात्रा, हजारों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

छह दिन बाद फिर शुरू हुई अमरनाथ और वैष्णो देवी यात्रा, हजारों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

Facebook
Twitter
WhatsApp

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में लगातार खराब मौसम के कारण छह दिनों तक स्थगित रहने के बाद अमरनाथ और माता वैष्णो देवी की पवित्र यात्राएं एक बार फिर शुरू हो गई हैं। मौसम में सुधार के साथ प्रशासन ने श्रद्धालुओं को राहत देते हुए यात्रा बहाल कर दी। पहले ही दिन 18 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने माता वैष्णो देवी के दर्शन किए, जबकि चार हजार से अधिक भक्तों ने बाबा बर्फानी की पवित्र गुफा में पूजा-अर्चना की। हालांकि रियासी जिले में स्थित शिव खोरी मंदिर की यात्रा लगातार सातवें दिन भी बंद रही।

मौसम सुधरते ही फिर गूंजे जयकारे

अधिकारियों के अनुसार, शनिवार को यात्रा दोबारा शुरू होने के बाद अमरनाथ गुफा में चार हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। वहीं कटरा स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर में शाम तक 18 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 19 से 24 जुलाई के बीच भारी बारिश और खराब मौसम की चेतावनी जारी की थी। इसके बाद एहतियात के तौर पर 18 जुलाई से अमरनाथ, माता वैष्णो देवी और शिव खोरी की यात्राएं अस्थायी रूप से रोक दी गई थीं।

चार लाख श्रद्धालु कर चुके हैं बाबा बर्फानी के दर्शन

तीन जुलाई से शुरू हुई 57 दिनों की श्री अमरनाथ यात्रा में अब तक लगभग चार लाख श्रद्धालु पवित्र गुफा में दर्शन कर चुके हैं। अधिकारियों ने बताया कि शनिवार सुबह गुफा क्षेत्र में मौसम साफ रहा, जबकि दोपहर में हल्की बारिश हुई। इसके बावजूद यात्रा बिना किसी बाधा के जारी रही।

वैष्णो देवी में पुराने मार्ग से कराए गए दर्शन

खराब मौसम के कारण कटरा और आसपास के होटल एवं धर्मशालाओं में रुके श्रद्धालुओं को शनिवार को पुराने मार्ग से माता वैष्णो देवी भवन तक जाने की अनुमति दी गई। शाम तक करीब 18 हजार श्रद्धालुओं ने सफलतापूर्वक दर्शन किए।

ALSO READ THIS :  आगरा में बड़ा चमत्कार! फ्रीजर में जमी बर्फ में दिखी शिवलिंग की आकृति,जुटी श्रद्धालुओं की भीड़,पूजा-अर्चना शुरू

हालांकि, भूस्खलन और पत्थर गिरने की आशंका को देखते हुए नया मार्ग एहतियातन बंद रखा गया। देर शाम भारी बारिश के कारण कुछ समय के लिए यात्रा को फिर रोकना पड़ा।

बालटाल मार्ग से जारी रहेगी अमरनाथ यात्रा

मौसम में सुधार और जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग खुलने के बाद अमरनाथ यात्रा फिर से शुरू कर दी गई। शनिवार तड़के करीब 2:40 बजे भगवती नगर यात्री निवास से 223 वाहनों के काफिले में 6,269 श्रद्धालु कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बालटाल बेस कैंप के लिए रवाना हुए। फिलहाल पहलगाम मार्ग से कोई नया जत्था रवाना नहीं किया गया।

पहलगाम मार्ग पर मरम्मत कार्य जारी

कश्मीर में हाल की भारी बारिश के कारण पहलगाम मार्ग पर कई स्थानों पर भूस्खलन और सड़क क्षतिग्रस्त होने की घटनाएं सामने आई हैं। इसे देखते हुए प्रशासन ने इस मार्ग पर मरम्मत और बहाली का कार्य शुरू कर दिया है।

कश्मीर के मंडलायुक्त अंशुल गर्ग ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए फिलहाल अमरनाथ यात्रा केवल बालटाल मार्ग से जारी रहेगी। पहलगाम मार्ग को मरम्मत कार्य पूरा होने तक अस्थायी रूप से बंद रखा गया है।

उन्होंने कहा कि बालटाल मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि यात्रा बिना किसी व्यवधान के जारी रह सके।

28 अगस्त को होगा यात्रा का समापन

इस वर्ष श्री अमरनाथ यात्रा का समापन 28 अगस्त को रक्षाबंधन के अवसर पर होगा। प्रशासन लगातार मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए है और श्रद्धालुओं से यात्रा पर निकलने से पहले आधिकारिक मौसम और यात्रा संबंधी अपडेट देखने की अपील की है।

ALSO READ THIS :  राम मंदिर का शुद्धिकरण अनुष्ठान आज होगा संपन्न, महंत दिनेंद्र दास बोले- श्रद्धालुओं के दर्शन पर कोई असर नहीं


टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें