Home » उत्तर प्रदेश » लखनऊ में अमौसी एयरपोर्ट पर बम की झूठी सूचना देने वाला आरोपी गिरफ्तार, शराब के नशे में किया था डायल-112 पर कॉल

लखनऊ में अमौसी एयरपोर्ट पर बम की झूठी सूचना देने वाला आरोपी गिरफ्तार, शराब के नशे में किया था डायल-112 पर कॉल

Facebook
Twitter
WhatsApp

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय (अमौसी) एयरपोर्ट पर बम होने की झूठी सूचना देकर सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट करने वाले आरोपी को सरोजनीनगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने शराब के नशे में डायल-112 पर फोन कर एयरपोर्ट पर बम रखे होने की भ्रामक सूचना दी थी। सूचना मिलते ही एयरपोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया और सुरक्षा एजेंसियां तत्काल सक्रिय हो गईं। हालांकि, गहन तलाशी के बाद सूचना पूरी तरह झूठी निकली।

बम की सूचना मिलते ही शुरू हुआ सघन तलाशी अभियान

पुलिस के मुताबिक 24 जुलाई 2026 की रात करीब 11:45 बजे डायल-112 पर सूचना मिली कि अमौसी एयरपोर्ट पर बम रखा गया है। सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता (बीडीडीएस), स्थानीय पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने एयरपोर्ट परिसर में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान किसी भी प्रकार का संदिग्ध सामान या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ, जिसके बाद सूचना को भ्रामक घोषित किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए उपनिरीक्षक नीशू चौधरी की तहरीर पर सरोजनीनगर थाने में एनसीआर संख्या 79/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 212(ए) में मामला दर्ज किया गया।

सर्विलांस की मदद से आरोपी तक पहुंची पुलिस

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सर्विलांस के जरिए कॉल करने वाले की पहचान की। जांच में आरोपी की पहचान कानपुर जिले के बिधनू थाना क्षेत्र के ग्राम जयसिंहपुर निवासी 35 वर्षीय श्याम सुंदर पुत्र राज किशोर के रूप में हुई। पुलिस ने 26 जुलाई को किसानपथ स्थित दरोगाखेड़ा क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया।

ALSO READ THIS :  संसद में विपक्ष का सरकार पर हमला: बोले- युवा और किसान परेशान, उनकी आवाज सुनने को तैयार नहीं सरकार

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170, 126 और 135 के तहत भी कार्रवाई की गई है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

पूछताछ में कबूला अपराध

पुलिस पूछताछ में श्याम सुंदर ने बताया कि वह शराब पीने का आदी है। घटना वाले दिन भी उसने शराब का सेवन किया हुआ था। नशे की हालत में उसने डायल-112 पर फोन कर एयरपोर्ट पर बम होने की झूठी सूचना दे दी। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसका किसी आतंकी गतिविधि से कोई संबंध नहीं है और उसने यह कॉल नशे की हालत में की थी।

पुलिस के अनुसार आरोपी एक चमड़ा फैक्ट्री में मजदूरी करता है और 11वीं कक्षा तक शिक्षित है। इस मामले का खुलासा करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अवनीश कुमार वर्मा, उपनिरीक्षक नीशू चौधरी और उपनिरीक्षक मोहित सिंह शामिल रहे।

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें