Home » उत्तर प्रदेश » गोरखपुर में सीएम योगी का जनता दर्शन: करीब 200 फरियादियों की सुनी समस्याएं, बोले- हर व्यक्ति की शिकायत का समाधान सरकार की प्राथमिकता

गोरखपुर में सीएम योगी का जनता दर्शन: करीब 200 फरियादियों की सुनी समस्याएं, बोले- हर व्यक्ति की शिकायत का समाधान सरकार की प्राथमिकता

Facebook
Twitter
WhatsApp

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान गुरु पूर्णिमा के धार्मिक कार्यक्रमों की व्यस्तता के बीच बुधवार को जनता दर्शन आयोजित कर लोगों की समस्याएं सुनीं। गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने करीब 200 फरियादियों से मुलाकात की और अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का त्वरित, पारदर्शी और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

गुरु पूर्णिमा पूजन के बाद आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री स्वयं महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर पहुंचे और कुर्सियों पर बैठे लोगों से एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि हर नागरिक की समस्या का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

‘किसी भी जरूरतमंद को परेशान होने की आवश्यकता नहीं’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि किसी भी जरूरतमंद को निराश होने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर नागरिक के साथ खड़ी है और सभी मामलों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता दर्शन में प्राप्त प्रत्येक प्रार्थना पत्र को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ लिया जाए तथा उसके निस्तारण की नियमित समीक्षा भी की जाए।

गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता के निर्देश

जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे। इस पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि धन के अभाव में किसी भी मरीज का इलाज नहीं रुकना चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संबंधित मरीजों के उपचार का अनुमानित खर्च (इस्टीमेट) जल्द तैयार कर शासन को भेजा जाए, ताकि समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके और इलाज में कोई बाधा न आए।

ALSO READ THIS :  कानपुर में सनसनी: कब्रिस्तान में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, पुलिस जांच में जुटी

पात्र लोगों को मिले सरकारी योजनाओं का लाभ

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों तक समय पर पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।

बच्चों को दुलार, चॉकलेट देकर दिया आशीर्वाद

जनता दर्शन के दौरान कुछ महिलाएं अपने छोटे बच्चों के साथ भी पहुंचीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों को स्नेहपूर्वक दुलार किया, उन्हें चॉकलेट भेंट की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशीर्वाद दिया।

कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दोहराया कि जनता दर्शन में प्राप्त सभी शिकायतों का गुणवत्ता के साथ समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

 

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें