Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » 90 वर्षीय सास को कांवड़ में बैठाकर कांवड़ यात्रा कर रही हरियाणवी सिंगर काजल चौधरी, मां-बेटे बारी-बारी से उठा रहे कांवड़

90 वर्षीय सास को कांवड़ में बैठाकर कांवड़ यात्रा कर रही हरियाणवी सिंगर काजल चौधरी, मां-बेटे बारी-बारी से उठा रहे कांवड़

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर। सावन माह की कांवड़ यात्रा में जहां करोड़ों शिवभक्त भगवान भोलेनाथ की भक्ति में सराबोर होकर हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं, वहीं इस बार एक ऐसी कांवड़ यात्रा लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है, जिसे देखकर हर कोई भावुक हो रहा है। दिल्ली के शाहदरा की रहने वाली फेमस हरियाणवी रागिनी कलाकार काजल चौधरी अपनी 90 वर्षीय सास को कांवड़ में बैठाकर हरिद्वार से दिल्ली तक की यात्रा कर रही हैं। यह दृश्य जहां भी पहुंच रहा है, लोग उन्हें आधुनिक दौर की “श्रवण कुमार” कहकर सम्मान दे रहे हैं।

मुज़फ़्फ़रनगर के शिव चौक से गुजरते समय बुधवार सुबह 10 बजे काजल चौधरी की अनोखी कांवड़ को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। कंधों पर कांवड़ और उसमें बैठी बुजुर्ग सास का दृश्य श्रद्धालुओं के लिए आस्था के साथ-साथ परिवार और संस्कारों का संदेश भी बन गया।

काजल ने बताया कि यह उनकी दूसरी कांवड़ यात्रा है। वर्ष 2025 में भी उन्होंने अपनी सास को कांवड़ में बैठाकर हरिद्वार से दिल्ली तक की यात्रा पूरी की थी। इतना ही नहीं, इसी वर्ष उन्होंने अपनी सास को कंधों पर बैठाकर 84 कोस की परिक्रमा भी पूरी की थी। पेशे से गायिका काजल चौधरी देहाती रागनी और भजनों के माध्यम से भी लोगों के बीच अपनी अलग पहचान रखती हैं।

इस यात्रा में उनका बेटा मनीष चौधरी भी बराबर का सहभागी है। मां–बेटा बारी-बारी से कांवड़ को कंधे पर उठाते हैं और विश्राम करते हुए अपनी मंजिल की ओर बढ़ते हैं। मनीष ने बताया कि उनकी दादी की उम्र करीब 90 वर्ष है और वे उनके सम्मान तथा सेवा के भाव से यह यात्रा कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि मोबाइल और सोशल मीडिया की दुनिया से बाहर निकलकर अपने माता-पिता और दादा-दादी की सेवा करें, क्योंकि यही भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म की सबसे बड़ी सीख है।

ALSO READ THIS :  मुज़फ़्फ़रनगर में किसान दिवस पर बवाल: भाकियू जिलाध्यक्ष ने ट्रांसफॉर्मर बदलने के नाम पर जेई पर लगाया रिश्वत का आरोप,एक रुपया भी नहीं देंगे

काजल कहती है कि माता-पिता और बुजुर्गों की सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है। आज छोटी-छोटी बातों पर परिवार टूट रहे हैं, जबकि प्रेम, सम्मान और संस्कार ही परिवार को जोड़े रखते हैं।

उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं से अपील की कि वे मोबाइल और टीवी धारावाहिकों में समय बिताने के बजाय अपने परिवार और बुजुर्गों के साथ समय बिताएं तथा नई पीढ़ी को अच्छे संस्कार दें।

उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा कांवड़ यात्रा के दौरान की गई व्यवस्थाओं की भी सराहना की। उनके अनुसार पूरे मार्ग पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, भोजन, चिकित्सा और सुरक्षा के बेहतर इंतजाम किए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं को यात्रा में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही।

 

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें