मुजफ्फरनगर। भगवान दक्ष प्रजापति जयंती महोत्सव के अवसर पर बुधवार को शहर में श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। राष्ट्रीय प्रजापति महासभा के तत्वावधान में आयोजित इस भव्य समारोह में वर्ष 2026 की हाईस्कूल, इंटरमीडिएट एवं स्नातक परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रजापति समाज के 200 से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र और स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान समाज के गणमान्य लोगों ने शिक्षा को सामाजिक उन्नति का सबसे मजबूत माध्यम बताते हुए युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ रामलीला टिल्ला मैदान में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-यज्ञ के साथ हुआ। इसके बाद राष्ट्रीय प्रजापति महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष दारा सिंह प्रजापति ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्यामलाल प्रजापति ने की। समारोह में पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने पारंपरिक मिट्टी के बर्तन बनाने वाले चाक को चलाकर समाज की प्राचीन कला और संस्कृति का सम्मान किया। इस दृश्य ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।

शिक्षा से ही समाज होगा मजबूत, युवाओं को दिया नशामुक्ति का संदेश
मुख्य अतिथि दारा सिंह प्रजापति और वरिष्ठ समाजसेवी भूले सिंह ने सम्मानित छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, अनुशासन और संगठन की भावना को अपनाना चाहिए। उनका कहना था कि शिक्षित और जागरूक युवा ही समाज के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रख सकते हैं।
सम्मान समारोह में बोर्ड परीक्षाओं में 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों में इस सम्मान को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
सम्मान समारोह के बाद भगवान दक्ष प्रजापति की भव्य शोभायात्रा रामलीला टिल्ला मैदान से प्रारंभ हुई। मुख्य रथ पर भगवान दक्ष प्रजापति की आकर्षक प्रतिमा विराजमान थी, जिसके दर्शन के लिए मार्गभर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। शोभायात्रा नंबर-02 चुंगी, आबकारी रोड, हनुमान चौक, भगत सिंह रोड, शिव चौक, झांसी रानी चौक, टाउनहॉल रोड, मालवीय चौक, अंसारी रोड, नावल्टी चौक और बकरा मार्केट रोड सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः रामलीला टिल्ला पहुंचकर संपन्न हुई।
शोभायात्रा में पांच बैंड, बारह डीजे, दस आकर्षक रथ और दस सांस्कृतिक एवं धार्मिक झांकियां शामिल रहीं, जिन्होंने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रालियों के माध्यम से भी समाज के लोग आयोजन में शामिल हुए। वहीं प्रजापति समाज की पारंपरिक मिट्टी के बर्तन बनाने की कला का जीवंत प्रदर्शन लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना रहा।
पूरे मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों और श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए भंडारों का आयोजन किया गया, जहां लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। धार्मिक वातावरण और सामाजिक समरसता से सराबोर इस आयोजन ने पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल बना दिया।
कार्यक्रम में संस्थापक ब्रह्मपाल प्रजापति, जयंती अध्यक्ष सचिन प्रजापति, पूर्व जयंती अध्यक्ष राहुल प्रजापति, संरक्षक सोनपाल प्रजापति, आयोजन समिति के जिला अध्यक्ष प्रमोद प्रजापति, समाजसेवी प्रभात प्रजापति, सभासद अर्जुन प्रजापति, एडवोकेट रामनिवास प्रजापति, श्यामसुंदर प्रजापति, सुभाष प्रजापति सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक, महिला-पुरुष एवं युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में सामाजिक एकता, शिक्षा के प्रति जागरूकता और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का संदेश प्रमुख रूप से देखने को मिला।



