नोएडा। उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल की ओर से आयोजित पांचवें व्यापारी कल्याण दिवस कार्यक्रम के दौरान नोएडा के सेक्टर-51 स्थित वेडिंग विला बैंक्विट हॉल में बड़ा हादसा हो गया। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बैंक्विट हॉल की लिफ्ट अचानक नीचे गिर गई, जिससे उसमें सवार कई व्यापारी और भाजपा के जिला स्तर के नेता अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद पुलिस ने तत्काल राहत अभियान चलाकर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना में कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
यह कार्यक्रम गुरुवार रात आयोजित किया गया था, जिसमें उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, गौतमबुद्ध नगर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा, विधायक पंकज सिंह, भाजपा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर सहित कई प्रमुख जनप्रतिनिधि और व्यापारी शामिल हुए थे। हालांकि लिफ्ट हादसे के समय सभी वरिष्ठ नेता कार्यक्रम से निकल चुके थे।
खाना खाने के बाद नीचे आते समय हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार्यक्रम के समापन के बाद बैंक्विट हॉल की ऊपरी मंजिल पर भोजन चल रहा था। भोजन के बाद कुछ व्यापारी और भाजपा के स्थानीय नेता लिफ्ट के जरिए नीचे आ रहे थे। इसी दौरान लिफ्ट अचानक खराब होकर नीचे गिर गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।
मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने बिना समय गंवाए इमरजेंसी चाबी की मदद से लिफ्ट का दरवाजा खोला और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते राहत कार्य होने से बड़ा हादसा टल गया।
मेंटेनेंस में लापरवाही का आरोप, तीन लोगों पर एफआईआर
थाना सेक्टर-49 पुलिस ने इस मामले में बैंक्विट हॉल के संचालक विनोद अरोड़ा, अश्वनी छावड़ा और मैनेजर अश्विनी शर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 289 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक ग्राम प्रसाद शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लिफ्ट का नियमित मेंटेनेंस नहीं कराया गया था और न ही वहां लिफ्ट ऑपरेटर की तैनाती की गई थी। पुलिस का कहना है कि इस तरह की लापरवाही से बड़ी जनहानि हो सकती थी। पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
वरिष्ठ नेता कार्यक्रम से निकल चुके थे
कार्यक्रम के आयोजक विकास जैन ने बताया कि व्यापारी कल्याण दिवस समारोह में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, सांसद डॉ. महेश शर्मा, विधायक पंकज सिंह और भाजपा के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि लिफ्ट दुर्घटना उस समय हुई जब सभी वरिष्ठ अतिथि कार्यक्रम से जा चुके थे। हादसे के समय लिफ्ट में व्यापारी और भाजपा के जिला स्तर के कुछ पदाधिकारी मौजूद थे।
जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि बैंक्विट हॉल की सुरक्षा व्यवस्था, लिफ्ट के रखरखाव और संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है। यदि जांच में और लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।



