Home » उत्तर प्रदेश » एटा में कांवड़ियों से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को ट्रक ने मारी टक्कर, 7 श्रद्धालु घायल, एक की हालत गंभीर

एटा में कांवड़ियों से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को ट्रक ने मारी टक्कर, 7 श्रद्धालु घायल, एक की हालत गंभीर

Facebook
Twitter
WhatsApp

एटा। उत्तर प्रदेश के एटा जिले में कांवड़ यात्रा के दौरान रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोतवाली देहात क्षेत्र में हाईवे पर कांवड़ियों से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और उसमें सवार श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई। हादसे में सात कांवड़िए घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार सभी श्रद्धालु मैनपुरी जिले के कुरावली थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव के निवासी हैं। वे ट्रैक्टर-ट्रॉली से सोरों गंगा घाट जा रहे थे, जहां से गंगाजल लेकर अपने गांव के शिव मंदिरों में भगवान शिव का जलाभिषेक करने का उनका कार्यक्रम था। ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 17 श्रद्धालु सवार थे।

बारिश के बीच हुआ हादसा, ट्रैक्टर पलटा

बताया जा रहा है कि रास्ते में बारिश होने के कारण ट्रैक्टर-ट्रॉली धीमी गति से चल रही थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए एक ट्रक ने ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई और उसमें सवार श्रद्धालु सड़क पर गिर पड़े।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया।

एक श्रद्धालु को सैफई रेफर, छह का इलाज जारी

घायलों की पहचान रागिनी, निशा, गीतम, सत्यपाल, रघुवीर, संध्या और मुस्कान के रूप में हुई है। इनमें सत्यपाल की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। अन्य छह घायलों का इलाज जिला मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।

ALSO READ THIS :  डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती: लखनऊ में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अर्पित की पुष्पांजलि,कश्मीर आंदोलन को किया याद!

जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. श्रीजीत ने बताया कि सभी घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल लाया गया था। एक मरीज की हालत गंभीर होने के कारण उसे उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया, जबकि अन्य सभी की हालत फिलहाल स्थिर है और उनका उपचार जारी है।

परिजनों ने बताई हादसे की पूरी कहानी

हादसे में घायल रागिनी ने बताया कि सभी श्रद्धालु गंगाजल लेने के लिए सोरों जा रहे थे, तभी पीछे से आए ट्रक ने उनके ट्रैक्टर को टक्कर मार दी।

वहीं घायल श्रद्धालुओं की रिश्तेदार काजल ने बताया कि बारिश के कारण ट्रैक्टर धीरे-धीरे चल रहा था, लेकिन ट्रक चालक ने तेज रफ्तार में पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वाहन पलट गया।

घायल के परिजन विकास कुमार ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद एंबुलेंस तो समय पर पहुंच गई, लेकिन उस समय तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची थी। वहीं एक अन्य परिजन राजेश कुमार ने भी बताया कि ट्रक की टक्कर से सात लोग घायल हो गए।

पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें