नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक इलेक्ट्रॉनिक चिप निर्माण कंपनी में लगी भीषण आग को बुझाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। रेस्क्यू ऑपरेशन के बीच फैक्ट्री की दीवार और लोहे की बीम अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में पांच दमकल कर्मी आ गए। सभी को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान दो दमकल कर्मियों ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस और फायर विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस के अनुसार यह हादसा थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र स्थित आईएलजीआईएम कंपनी में सोमवार देर रात हुआ। कंपनी में इलेक्ट्रॉनिक चिप निर्माण का कार्य किया जाता है। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
आग बुझाने के दौरान हुआ बड़ा हादसा
दमकल कर्मी जब आग बुझाने में जुटे हुए थे, तभी फैक्ट्री परिसर की एक दीवार और लोहे की भारी बीम अचानक गिर गई। मलबे की चपेट में मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह, फायरमैन मनीष कुमार, फायरमैन अमित कुमार और फायरमैन रोहित यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान फायरमैन रोहित यादव और मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि राजपाल सिंह, मनीष कुमार और अमित कुमार का इलाज जारी है। अधिकारियों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
मौके पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तैनात
पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह की मीडिया प्रभारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और फायर विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं। हादसे के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई। आग पर काबू पा लिया गया है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि पूरे मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं और हादसे के पीछे कोई लापरवाही तो नहीं थी।
दमकल कर्मियों की ड्यूटी के दौरान हुई इस दुखद घटना ने पूरे फायर विभाग और पुलिस महकमे को झकझोर दिया है। जान जोखिम में डालकर लोगों की सुरक्षा करने वाले दो जवानों की शहादत पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।



