Home » विविध इंडिया » पीएसआई इंडिया को मिला सीएसआर टाइम्स अवार्ड, ‘मातृछाया’ को गोल्ड और ‘हेल्थ फॉर ऑल’ को सिल्वर सम्मान

पीएसआई इंडिया को मिला सीएसआर टाइम्स अवार्ड, ‘मातृछाया’ को गोल्ड और ‘हेल्थ फॉर ऑल’ को सिल्वर सम्मान

Facebook
Twitter
WhatsApp

नई दिल्ली। सामुदायिक स्तर पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य कर रही पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इंडिया) को उसके दो प्रमुख स्वास्थ्य कार्यक्रमों के लिए प्रतिष्ठित सीएसआर टाइम्स अवार्ड से सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली में आयोजित एक विशेष समारोह में संस्था को ‘मातृछाया’ कार्यक्रम के लिए गोल्ड अवार्ड तथा ‘हेल्थ फॉर ऑल’ कार्यक्रम के लिए सिल्वर अवार्ड प्रदान किया गया।

रूरल एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट श्रेणी में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से संचालित ‘मातृछाया’ कार्यक्रम को गोल्ड अवार्ड मिला, जबकि निवा बूपा हेल्थ इंश्योरेंस के सहयोग से संचालित ‘हेल्थ फॉर ऑल (इंटीग्रेटेड प्राइमरी हेल्थ केयर डिलीवरी टिल द लास्ट माइल)’ कार्यक्रम को सिल्वर अवार्ड से सम्मानित किया गया।

‘मातृछाया’ से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को मिला नया आधार

पीएसआई इंडिया के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर मुकेश शर्मा ने बताया कि ‘मातृछाया’ कार्यक्रम का उद्देश्य मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाना और सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में प्रसव सेवाओं की गुणवत्ता को बेहतर बनाना है।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के पहले चरण में उत्तर प्रदेश के बहराइच, बलरामपुर और हरदोई जिलों के एक-एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का चयन किया गया। स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से इन केंद्रों के प्रसव कक्षों और प्रसव स्थलों का मानकों के अनुरूप आधुनिकीकरण किया गया।

इस पहल के तहत प्रसव बेड, नवजात शिशु देखभाल क्षेत्र, नर्सिंग स्टेशन तथा हाथों की स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए आधुनिक हैंडवॉश सुविधाएं विकसित की गईं। इससे प्रसूताओं और नवजात शिशुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर स्वास्थ्य वातावरण उपलब्ध कराया जा सका।

ALSO READ THIS :  कुल्हाड़ी से सिर धड़ से अलग करने वाले चंपालाल को फांसी! DNA सबूत ने साबित की नृशंसता

मुकेश शर्मा ने कहा कि सीएसआर टाइम्स गोल्ड अवार्ड संस्था के लिए सम्मान के साथ-साथ जिम्मेदारी भी है। इससे कार्यक्रम से जुड़े सभी सहयोगियों का उत्साह बढ़ेगा और भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने की प्रेरणा मिलेगी।

‘हेल्थ फॉर ऑल’ से गांव-गांव पहुंच रही स्वास्थ्य सेवाएं

पीएसआई इंडिया का दूसरा सम्मानित कार्यक्रम ‘हेल्थ फॉर ऑल’ हरियाणा के गुरुग्राम जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित किया जा रहा है।

इस कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य विभाग और निवा बूपा हेल्थ इंश्योरेंस के सहयोग से चिकित्सकों, प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों और आधुनिक चिकित्सा उपकरणों से लैस चार मोबाइल मेडिकल यूनिट संचालित की जा रही हैं।

ये मोबाइल मेडिकल यूनिट ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की सामान्य बीमारियों की जांच करती हैं, आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराती हैं, स्वास्थ्य संबंधी परामर्श देती हैं और जरूरत पड़ने पर मरीजों को उच्च चिकित्सा संस्थानों के लिए रेफर भी करती हैं।

किशोर स्वास्थ्य और एनीमिया पर भी विशेष फोकस

‘हेल्थ फॉर ऑल’ कार्यक्रम के अंतर्गत केवल उपचार ही नहीं बल्कि स्वास्थ्य जागरूकता पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। कार्यक्रम के माध्यम से किशोर और किशोरियों को शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक बदलावों की जानकारी देने के साथ-साथ एनीमिया से बचाव, संतुलित पोषण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के बारे में भी परामर्श दिया जाता है।

संस्था का मानना है कि प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ-साथ जागरूकता बढ़ाना भी स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं को मिला राष्ट्रीय सम्मान

सीएसआर टाइम्स अवार्ड के रूप में मिले गोल्ड और सिल्वर सम्मान ने पीएसआई इंडिया की उन पहलों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है, जो सरकारी विभागों और कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के सहयोग से ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने का कार्य कर रही हैं।

ALSO READ THIS :  दुश्मन की हर चाल होगी नाकाम: सेना को मिलेगी 'आकाश तरंग',रक्षा मंत्री ने 52 हजार करोड़ के स्वदेशी हथियारों को दी मंजूरी

संस्था का कहना है कि भविष्य में भी मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, प्राथमिक चिकित्सा सेवाओं और स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में ऐसे नवाचारों को आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंच सकें।

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें