Home » उत्तर प्रदेश » मुख्यमंत्री योगी ने किया ध्वजारोहण, बोले- ‘यूपी अब उत्सव का प्रदेश, सुशासन मॉडल के रूप में बना रहा पहचान’

मुख्यमंत्री योगी ने किया ध्वजारोहण, बोले- ‘यूपी अब उत्सव का प्रदेश, सुशासन मॉडल के रूप में बना रहा पहचान’

Facebook
Twitter
WhatsApp

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को विधान भवन में ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने सुशासन, कानून-व्यवस्था, निवेश, रोजगार और शिक्षा के क्षेत्र में बड़े बदलाव किए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब ‘उपद्रव प्रदेश’ नहीं, बल्कि ‘उत्सव प्रदेश’ के रूप में अपनी पहचान बना रहा है और सुशासन के मॉडल के तौर पर देश के सामने उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है।

‘आजादी के साथ देश को मिली थीं कई चुनौतियां’

स्वतंत्रता दिवस समारोह को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आजादी के समय देश के सामने अशिक्षा, असमानता, अराजकता, असुरक्षा, गरीबी, पिछड़ापन, पलायन, जातिवाद, छुआछूत और तुष्टिकरण जैसी कई चुनौतियां थीं।

उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में इन असमानताओं को समाप्त करने की दिशा में केंद्र के साथ उत्तर प्रदेश सरकार ने भी मजबूती से कदम बढ़ाए हैं।

‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया’ नहीं, अब ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’

मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था में सुधार का दावा करते हुए कहा कि इससे उत्तर प्रदेश की छवि में बड़ा बदलाव आया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश अब ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया’ के लिए नहीं, बल्कि ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन कुजीन’ के लिए पहचाना जा रहा है।

योगी ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश का बजट और अर्थव्यवस्था करीब तीन गुना बढ़ी है। इसी अवधि में महिला कार्यबल में भी करीब तीन गुना वृद्धि होने का दावा उन्होंने किया।

50 लाख करोड़ रुपये के निवेश का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सुशासन का असर निवेश और रोजगार के क्षेत्र में भी दिखाई दे रहा है।

ALSO READ THIS :  अलीगंज अग्निकांड: 15 लोगों की मौत वाली इमारत पर चला बुलडोजर, LDA ने शुरू कराया ध्वस्तीकरण

उनके मुताबिक पिछले नौ वर्षों में प्रदेश में करीब 50 लाख करोड़ रुपये का निवेश आया है और चार करोड़ से अधिक रोजगार का सृजन हुआ है।

योगी ने कहा कि प्रदेश में बड़े उद्योगों की संख्या ढाई गुना बढ़ी है, जबकि 22 हजार से अधिक स्टार्टअप स्थापित हो चुके हैं। उन्होंने यह भी बताया कि नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है।

‘युवा शक्ति से स्टार्टअप शक्ति तक यूपी ने खुद को साबित किया’

मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश ने नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। युवा शक्ति से लेकर स्टार्टअप शक्ति तक प्रदेश ने अपनी क्षमता साबित की है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब केवल बदल नहीं रहा, बल्कि बदलाव की दिशा भी तय कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है।

शिक्षा के क्षेत्र में ड्रॉपआउट रेट घटने का दावा

मुख्यमंत्री योगी ने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि इंसेफ्लाइटिस जैसी संचारी बीमारियों को नियंत्रित करने और समाप्त करने की दिशा में प्रभावी सफलता मिली है।

योगी के मुताबिक स्कूलों में ड्रॉपआउट रेट 19 प्रतिशत से घटकर करीब तीन प्रतिशत रह गया है। उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और रसोइयों को उचित मानदेय उपलब्ध कराने का काम किया गया है।

इंस्पेक्टर सुनील कुमार के बलिदान को किया याद

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने शहीदों के बलिदान और सुरक्षा बलों के साहस को भी याद किया।

ALSO READ THIS :  राजभर का अखिलेश यादव पर तीखा हमला, बोले- पीडीए बिखर रहा, अब अपने ही वोट बैंक में बढ़ी चुनौती

उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्यबल के इंस्पेक्टर सुनील कुमार का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने शामली में कुख्यात अपराधियों के खिलाफ हुई मुठभेड़ में अदम्य साहस का परिचय दिया था।

मुख्यमंत्री के अनुसार, इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने चार दुर्दांत अपराधियों को मार गिराने में सफलता हासिल की, लेकिन इस दौरान घायल होने के बाद वीरगति को प्राप्त हुए।

‘कीर्ति चक्र सिर्फ एक अधिकारी नहीं, पूरे पुलिस बल का सम्मान’

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इंस्पेक्टर सुनील कुमार के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान के लिए उन्हें कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया।

उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल एक वीर पुलिस अधिकारी का सम्मान नहीं है, बल्कि उत्तर प्रदेश पुलिस के प्रत्येक जवान के शौर्य, साहस और कर्तव्यनिष्ठा का सम्मान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के पुलिस जवान अपनी जान की परवाह किए बिना जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार डटे हुए हैं।

हेलीकॉप्टर से हुई पुष्पवर्षा, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा भी की गई। कार्यक्रम में बुंदेलखंड, ब्रज और पूर्वांचल के लोकगीतों पर कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, असम और अरुणाचल प्रदेश से आए कलाकारों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने शहीदों और राष्ट्रपति पदक से सम्मानित जवानों के परिजनों को सम्मानित किया।

‘स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, कर्तव्यों का भी संकल्प’

इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर ध्वजारोहण किया और प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकारों का नाम नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन का भी संकल्प है।

ALSO READ THIS :  किसान के बेटे वंश सैनी ने 10वीं में किया कमाल: मुज़फ़्फ़रनगर में जिला टॉप, यूपी में छठी रैंक

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की आजादी को अक्षुण्ण रखने और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी भूमिका निभानी होगी।

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें