Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » ‘अगर घर गिर गया तो जिम्मेदार कौन होगा?’: रहमानिया कॉलोनी में घरों तक पहुंचा बारिश का पानी, कैमरे के सामने रो पड़ीं महिलाएं

‘अगर घर गिर गया तो जिम्मेदार कौन होगा?’: रहमानिया कॉलोनी में घरों तक पहुंचा बारिश का पानी, कैमरे के सामने रो पड़ीं महिलाएं

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ़्फ़रनगर। बारिश के बाद शहर की रहमानिया कॉलोनी में जलभराव की समस्या ने स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शहाबुद्दीनपुर रोड स्थित कॉलोनी में हालात ऐसे हैं कि बारिश का पानी अब केवल गलियों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि कई घरों के अंदर तक पहुंच गया है। जानकारी होने पर मंगलवार रात करीब 10 बजे मौके पर पहुंचे मीडियाकर्मियों के कैमरे के सामने जलभराव से परेशान महिलाएं अपनी पीड़ा बताते हुए भावुक हो गईं और सवाल उठाया कि “अगर हमारा घर गिर गया तो जिम्मेदार कौन होगा?”

स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉलोनी में बारिश के पानी की निकासी की कोई पक्की व्यवस्था नहीं है। बारिश होने के बाद पानी गलियों में जमा हो जाता है और धीरे-धीरे घरों के अंदर तक पहुंच जाता है। कई जगह लोगों को इसी जलभराव के बीच आवाजाही करनी पड़ रही है।

दूसरी कॉलोनी का पानी भी इधर आने का आरोप

कॉलोनीवासियों का आरोप है कि उनके बराबर स्थित दूसरी कॉलोनी का पानी भी निकासी के लिए रहमानिया कॉलोनी की ओर छोड़ दिया जाता है। इससे यहां पानी का दबाव और बढ़ जाता है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, पानी कई दिनों तक जमा रहने के कारण उन्हें लगातार परेशानी का सामना करना पड़ता है। घरों के आसपास पानी जमा होने से बच्चों और बुजुर्गों के लिए भी स्थिति मुश्किल बनी हुई है।

महिलाएं बोलीं कि ‘डर लगता है, घरों में दरारें आ रही हैं!’

जलभराव को लेकर अपनी परेशानी बताते हुए कॉलोनी की कुछ महिलाएं कैमरे के सामने भावुक होकर रो पड़ीं। उनका कहना है कि छोटे बच्चों और बुजुर्गों के साथ परिवारों को लंबे समय तक पानी के बीच रहना पड़ रहा है।

ALSO READ THIS :  मुज़फ़्फ़रनगर में स्कूलों की छुट्टी, भारी बारिश की वजह से DM ने दिए आदेश

स्थानीय लोगों का दावा है कि लगातार नमी और जलभराव के कारण कुछ मकानों की दीवारों में दरारें भी दिखाई देने लगी हैं। इसी को लेकर लोगों के बीच मकानों की सुरक्षा को लेकर चिंता है।

कॉलोनीवासियों का सवाल है कि यदि जलभराव के कारण किसी मकान को नुकसान पहुंचता है या कोई अप्रिय स्थिति बनती है, तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?

 

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें