मुजफ्फरनगर। बघरा क्षेत्र में कश्यप समाज की सामाजिक एकता और जागरूकता को समर्पित भारतीय कश्यप जागृति संगठन की ओर से संगठन का 31वां स्थापना दिवस धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महर्षि कालू बाबा धीवर की जयंती भी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय कश्यप जागृति संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मास्टर कृष्णपाल कश्यप ने समाज के लोगों को संबोधित करते हुए संगठन की स्थापना के उद्देश्यों और समाज के उत्थान के लिए किए जा रहे कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की तरक्की के लिए शिक्षा, संगठन और आपसी एकता सबसे महत्वपूर्ण आधार हैं। कश्यप समाज को अपने अधिकारों और सम्मान के लिए एकजुट होकर आगे बढ़ना होगा।
उन्होंने कहा कि समाज के महापुरुषों और पूर्वजों के संघर्ष से प्रेरणा लेकर नई पीढ़ी को सामाजिक जागरूकता के साथ आगे बढ़ना चाहिए। महर्षि कालू बाबा धीवर के जीवन और समाज के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए उन्होंने कहा कि महापुरुषों के विचारों को जन जन तक पहुंचाना समाज की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राजबीर कश्यप, चेयरमैन जिला सहकारी उपभोक्ता भंडार मुजफ्फरनगर/शामली रहे। उन्होंने स्थापना दिवस और महर्षि कालू बाबा की जयंती पर समाज के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज की मजबूती के लिए सभी लोगों को मिलकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से शिक्षा के साथ सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
राज भूल कश्यप ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कश्यप समाज को अपने साथ रखना चाहती है तो समाज की इस मांग पर गंभीरता से विचार करना होगा। उनका कहना है कि चरथावल विधानसभा क्षेत्र में कश्यप समाज की अच्छी संख्या है और समाज की राजनीतिक भागीदारी को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने समाज के लोगों से भी अपने राजनीतिक हितों को लेकर एकजुट रहने की अपील की।
वहीं समाजसेवी डॉ. सुभाष कश्यप ने कहा कि कश्यप समाज के लोग लंबे समय से समाज के हितों को लेकर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चरथावल विधानसभा सीट से कश्यप समाज के प्रत्याशी को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। यदि भाजपा कश्यप समाज के किसी व्यक्ति को प्रत्याशी बनाती है तो समाज पूरी मजबूती के साथ उसके समर्थन में खड़ा होगा। कहा कि चुनाव के समय कई नेता समाज के बीच पहुंचकर बड़े बड़े वादे और भाषण करते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होने के बाद समाज की समस्याओं और पीड़ित लोगों की ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता। उन्होंने कहा कि अब समाज ऐसे राजनीतिक प्रतिनिधित्व की उम्मीद कर रहा है जो चुनाव के बाद भी समाज के लोगों के बीच मौजूद रहे और उनकी समस्याओं को लेकर आवाज उठाए।
विशिष्ट अतिथि के रूप में ओमप्रकाश कश्यप भाजपा नेता, मुकेश कश्यप जिला मंत्री किसान मोर्चा भाजपा, रवि कश्यप जिला कार्य समिति सदस्य भाजपा, सौरभ कश्यप समाजसेवी, मास्टर संदीप कश्यप समाजसेवी,सागर बंजरगी समाजसेवी,मास्टर पुरन कश्यप,राम भूल कश्यप समाजसेवी, सुखरामपाल कश्यप राष्ट्रीय अध्यक्ष मजदूर किसान यूनियन पार्टी, डॉ सोनू कश्यप और एससी मोर्चा जिला कार्यालय प्रभारी मुजफ्फरनगर MLC-मा. डॉ. सुरेंद्र चौधरी के प्रतिनिधि सामोद कुमार दिवाकर व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।



