Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर पोस्ट » मुज़फ्फ़रनगर: मंडी के अर्चना साड़ी शोरूम में भीषण आग, ऊपरी मंजिल से उठीं लपटें; मौके पर दमकल की 3 गाड़ियां

मुज़फ्फ़रनगर: मंडी के अर्चना साड़ी शोरूम में भीषण आग, ऊपरी मंजिल से उठीं लपटें; मौके पर दमकल की 3 गाड़ियां

Facebook
Twitter
WhatsApp

मुज़फ्फ़रनगर। नई मंडी थाना क्षेत्र की वकील रोड स्थित अर्चना साड़ी शोरूम में शुक्रवार देर शाम करीब 7:30 बजे अचानक भीषण आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग शोरूम की ऊपरी मंजिल पर लगी, जिसके बाद देखते ही देखते धुएं का घना गुबार दूर तक दिखाई देने लगा। घटना के बाद आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।

आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की FSO रामकिशोर यादव के नेतृत्व में तीन गाड़ियां पूरी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। नई मंडी कोतवाली पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई और लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

हालांकि, नई मंडी का यह इलाका बेहद व्यस्त और भीड़भाड़ वाला होने के कारण दमकल की गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। संकरी सड़क, दोनों ओर खड़े वाहन और मौके पर जुटी सैकड़ों लोगों की भीड़ के कारण कुछ समय तक रेस्क्यू और फायर फाइटिंग ऑपरेशन प्रभावित रहा। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए दमकल कर्मियों के लिए रास्ता खाली कराया।

फिलहाल फायर ब्रिगेड की टीमें आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। अभी तक किसी के हताहत होने या नुकसान की सूचना नहीं है। ये भी पता नहीं चल पाया है कि आग किस चीज में लगी है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता भी नहीं चल सका है।

पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मौके पर भीड़ न लगाएं और राहत कार्य में बाधा न पहुंचाएं। आग पूरी तरह बुझने के बाद ही शॉर्ट सर्किट या अन्य संभावित कारणों की जांच की जाएगी।

ALSO READ THIS :  'नाम बदलकर फंसाया, अब केस वापस न लेने पर वीडियो वायरल करने की धमकी', मुजफ्फरनगर में दुष्कर्म पीड़िता ने लगाई न्याय की गुहार

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें