बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में मंदिर के पुजारी को बंधक बनाकर लूटपाट करने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को रसड़ा पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि तीन अन्य को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मंदिर से चोरी किए गए चांदी के आभूषण, दो देसी तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई इनोवा कार बरामद की है। घायल आरोपियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चेकिंग के दौरान पुलिस पर की फायरिंग
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को रसड़ा थाने की पुलिस लखनेश्वर डीह मंदिर के पास आम घाट की ओर जाने वाली सड़क पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट की एक इनोवा कार आती दिखाई दी।
पुलिस ने कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा किया तो कार से दो आरोपी उतरकर पुलिस पर फायरिंग करने लगे। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपी गोली लगने से घायल हो गए।
घेराबंदी कर तीन अन्य आरोपियों को पकड़ा
एएसपी के मुताबिक, इनोवा कार में तीन अन्य बदमाश भी सवार थे। उन्होंने भी भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में घायल आरोपियों की पहचान जिशान आलम और चंद्रशेखर कुमार के रूप में हुई। दोनों मोतिहारी, पूर्वी चंपारण के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस ने सूरज पासवान, चंद्रशेखर और बाला समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुजारी के हाथ-पैर बांधकर लूटे थे चांदी के आभूषण
एएसपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने रसड़ा थाना क्षेत्र स्थित लखनेश्वर डीह शिव मंदिर में पुजारी को डराया-धमकाया था। इसके बाद उनके हाथ-पैर बांधकर मंदिर से चांदी का छत्र और नाग के आभूषण लूट लिए थे। इस वारदात में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी।
गाजीपुर के पंच मंदिर में चोरी की वारदात भी कबूली
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने गाजीपुर जिले के कासिमाबाद थाना क्षेत्र स्थित पंच मंदिर से राधा-कृष्ण के मुकुट चोरी करने की वारदात में भी शामिल होने की बात बताई है। आरोपियों के कब्जे से दो 315 बोर के तमंचे, कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई इनोवा कार बरामद हुई है। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। मुठभेड़ में घायल दोनों आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

