मुज़फ़्फ़रनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में भारतीय किसान यूनियन ने शनिवार को महावीर चौक स्थित भाकियू कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक विरोध मार्च निकाला। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला भी फूंका गया। किसानों ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर चुनाव आयुक्त को हटाने और पुरकाजी के रोहन राठी हत्याकांड के जल्द खुलासा करने की मांग उठाई।

दोपहर करीब 12 बजे से भाकियू के जिला अध्यक्ष नवीन राठी के नेतृत्व में निकाले गए मार्च में संगठन के कार्यकर्ता शामिल हुए। नवीन राठी ने कहा कि चुनाव में कथित वोट चोरी के मुद्दे पर देशभर में आंदोलन चल रहा है। इसी के समर्थन में राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत के आह्वान के तहत जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया गया।
नवीन राठी ने कहा कि उनकी प्रमुख मांग है कि वोट चोरी के मामले में चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाया जाए। इसके अलावा उन्होंने रोहन राठी हत्याकांड का जल्द खुलासा करने की मांग की। उनका कहना था कि नए एसएसपी की कार्यशैली के बीच इस मामले का खुलासा जरूरी है, ताकि जनता का न्याय व्यवस्था पर भरोसा बना रहे।
जिला अध्यक्ष ने सरकार पर अपनी नाकामियां छिपाने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर दिल्ली तक कूच किया जाएगा।
वहीं, पुतला दहन को लेकर नवीन राठी ने कहा कि मौके पर सैकड़ों लोग मौजूद थे। उन्हें जानकारी नहीं है कि पुतला किसने जलाया। प्रदर्शन के दौरान राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन देकर संगठन ने अपनी मांगों पर कार्रवाई की अपील की।
