Home » उत्तर प्रदेश » गाजियाबाद-नई दिल्ली रेलखंड पर मालगाड़ी के छह डिब्बे पटरी से उतरे, 53 ट्रेनें प्रभावित, कई रद्द और डायवर्ट

गाजियाबाद-नई दिल्ली रेलखंड पर मालगाड़ी के छह डिब्बे पटरी से उतरे, 53 ट्रेनें प्रभावित, कई रद्द और डायवर्ट

Facebook
Twitter
WhatsApp

नई दिल्ली। दिल्ली मंडल के गाजियाबाद-नई दिल्ली रेलखंड पर मंगलवार को बड़ा रेल हादसा सामने आया। यहां एक मालगाड़ी के छह भरे हुए डिब्बे पटरी से उतर गए, जिसके बाद रेल यातायात प्रभावित हो गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी यात्री या रेलकर्मी के घायल होने अथवा जनहानि की सूचना नहीं है।

घटना के बाद उत्तर रेलवे ने तत्काल राहत और बहाली कार्य शुरू कर दिया। रेल प्रशासन ने प्रभावित रूट पर ट्रेनों के संचालन में बदलाव करते हुए कई ट्रेनों को रद्द, कुछ का मार्ग परिवर्तित और कुछ ट्रेनों को आंशिक रूप से निरस्त किया है।

रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे

उत्तर रेलवे के अनुसार, हादसे की सूचना मिलते ही मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम), अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों की निगरानी में पटरी से उतरे डिब्बों को हटाने और रेल मार्ग को सामान्य करने का काम तेजी से किया जा रहा है।

रेलवे ने बताया कि हादसे के कारण कुल 53 ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। इनमें 24 ट्रेनों के रूट बदले गए हैं, 16 यात्री ट्रेनों को पूरी तरह रद्द किया गया है, पांच ट्रेनों को आंशिक रूप से निरस्त किया गया है, जबकि आठ ट्रेनों का परिचालन नियंत्रित किया गया है।

कई पैसेंजर ट्रेनों का संचालन प्रभावित

रेलवे के अनुसार, प्रभावित ट्रेनों में गाजियाबाद-दिल्ली, दिल्ली-शाहिबाबाद, शाहिबाबाद-दिल्ली, दिल्ली-गाजियाबाद और गाजियाबाद-नई दिल्ली रूट की कई लोकल और पैसेंजर ट्रेनें शामिल हैं। इन ट्रेनों को यात्रियों की सुविधा और रेल मार्ग की स्थिति को देखते हुए रद्द किया गया है।

ALSO READ THIS :  अखिलेश यादव बोले- सरकार अहंकार से चला रही कामकाज, छात्रों और जनता की आवाज सुने

इसके अलावा कुछ ट्रेनों के शुरुआती और अंतिम स्टेशन में बदलाव किया गया है। कई ट्रेनों को गाजियाबाद से प्रारंभ किया गया है या गाजियाबाद तक सीमित किया गया है।

यात्रियों को यात्रा से पहले जानकारी लेने की अपील

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन की ताजा स्थिति की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें। अधिकारियों का कहना है कि बहाली कार्य पूरा होने के बाद धीरे-धीरे ट्रेनों का संचालन सामान्य किया जाएगा।

फिलहाल रेलवे की टीमें मौके पर लगातार काम कर रही हैं और प्रभावित रेलखंड को जल्द से जल्द दुरुस्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं।


टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें